यूपी के सभी 75 जिलों में बनेंगे सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन, युवाओं को एक ही छत के नीचे मिलेगा प्रशिक्षण और रोजगार: सीएम योगी
- 13h ago
नई दिल्ली। लालकिले के ऐतिहासिक मैदान में इस बार प्रभु श्रीराम की लीला का रंग और भी भव्य नजर आएगा। विश्वविख्यात लव कुश रामलीला कमेटी की रामलीला में अभिनेता, गायक और सांसद मनोज तिवारी इस बार केवट की भूमिका निभाते नजर आएंगे। अपनी मधुर आवाज और अभिनय के जरिए मनोज तिवारी केवट बनकर प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को नैया पार कराते दिखाई देंगे।
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि मनोज तिवारी पिछले कई वर्षों से रामलीला के मंच पर अलग-अलग किरदार निभाते रहे हैं। इस बार उनके आग्रह पर उन्हें केवट की भूमिका दी गई है। केवट प्रसंग को प्रभावशाली और यादगार बनाने के लिए रामलीला में आधुनिक तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा। एआई, कंप्यूटर ग्राफिक्स, एनीमेशन, डिजिटल तकनीक, 3डी मैपिंग, विजुअल इफेक्ट्स और 8-ट्रैक डिजिटल साउंड सिस्टम के जरिए मंच पर ऐसा वातावरण तैयार किया जाएगा, जिससे दर्शकों को केवट प्रसंग का भव्य और जीवंत अनुभव मिल सके।
कमेटी अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर इस वर्ष रामलीला के निमंत्रण पत्रों पर ‘घर-घर राम, घर-घर तुलसी’ का संदेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि दशहरा पर्व के अवसर पर रामलीला मैदान में एक लाख दीपों से प्रभु श्रीराम की भव्य आकृति बनाई जाएगी। यह दृश्य श्रद्धा, आस्था और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम होगा।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि लव कुश रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों का वह आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने उन्हें लगातार प्रभु श्रीराम की सेवा का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि इस बार केवट की भूमिका को पूरी लगन और समर्पण के साथ निभाएंगे।
मनोज तिवारी इससे पहले रामलीला के मंच पर परशुराम और अंगद सहित कई किरदार निभा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बचपन से ही वह अपने गांव की रामलीला से जुड़े रहे हैं और यह परंपरा आज भी उनके जीवन का हिस्सा है। प्रभु श्रीराम की लीला में अभिनय करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि इस वर्ष रामलीला का मंचन 11 से 21 अक्तूबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि 20 अक्तूबर को दशहरा पर्व मनाया जाएगा। इससे पहले 9 अक्तूबर को लव कुश रामलीला एवं इंटरनेशनल रामलीला महोत्सव एसोसिएशन के तत्वावधान में दिल्ली-एनसीआर के स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा संपूर्ण रामायण की प्रस्तुति दी जाएगी।
कमेटी के चेयरमैन पवन गुप्ता ने बताया कि 11 अक्तूबर को वृंदावन, मथुरा और दिल्ली के विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ गणेश पूजन किया जाएगा। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कर-कमलों से रामलीला मंचन का शुभारंभ होगा।
21 अक्तूबर को भरत मिलाप और प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ इस वर्ष की रामलीला का समापन होगा।


