अंडर-18 हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के लिए पुरुष और महिला टीमें सम्मानित
99 days ago
नई दिल्ली,09 जून 2026 (यूटीएन)। माननीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने यहाँ भारतीय खेल प्राधिकरण के मुख्यालय में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों को जापान में हाल ही में संपन्न हुए अंडर-18 एशिया कप में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। कप्तान केतन कुशवाहा के नेतृत्व में भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को काकामीगाहारा में खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान जापान को 4-1 से हराकर अंडर-18 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। केंद्रीय खेल मंत्री ने पुरुष टीम को 61.5 लाख रुपये का चेक सौंपा।
दूसरी ओर, कप्तान स्वीटी कुजूर के नेतृत्व में भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक के मुकाबले में कोरिया पर 3-0 से शानदार जीत दर्ज कर अंडर-18 एशिया कप में कांस्य पदक हासिल किया। डॉ. मंडाविया ने महिला टीम को प्रोत्साहन के रूप में 21 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस अवसर पर डॉ. मंडाविया ने पुरुष और महिला दोनों टीमों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा"मैं दोनों टीमों को देश का गौरव बढ़ाने के लिए उनकी कड़ी मेहनत पर बधाई देना चाहता हूँ। पूरे देश को आप पर गर्व है। मैं आपसे कहना चाहता हूँ कि यह तो बस शुरुआत है।
कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। जिसने 13 गोल किए हैं, उसे 15 या उससे अधिक गोल करने के बारे में सोचना चाहिए। जिसने 10 गोल रोके हैं, उसका लक्ष्य होना चाहिए कि विपक्षी टीम एक भी गोल न कर पाए। चाहे आप पढ़ाई करें या खेलें, पूरा समर्पण होना चाहिए। अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करते रहें और अपने माता-पिता व शुभचिंतकों को गौरवान्वित करें, यही आपका लक्ष्य होना चाहिए। डॉ. मंडाविया ने कहा कि सरकार, हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप भारत को एक 'स्पोर्ट्स सुपरपावर' (खेल महाशक्ति) बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
खेल मंत्री ने पुरुष और महिला टीम के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर आशीष तानी पूर्ति और नौशीन नाज़ को भी सम्मानित किया। साथ ही, प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 10 गोल बचाने वाले सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर आयुष रजक को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेल मंत्री ने भारतीय हॉकी के पूर्व कप्तानों रानी रामपाल और सरदारा सिंह को भी सम्मानित किया, जो अंडर-18 एशिया कप के लिए क्रमशः भारतीय महिला और पुरुष टीमों के कोच के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।