17 सितंबर से मथुरा में शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 5 लाख दीपों से जगमगाएंगे धार्मिक स्थल
- 11h ago
पीलीभीत/बिलसंडा।। नगर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित एक जूता व्यापारी के मकान में सोमवार को अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही मिनटों में पूरा मकान धुएं और आग की लपटों से घिर गया। घटना में लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग की भयावह लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार बिलसंडा नगर के पुरानी बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप जूता व्यापारी शेखर का शोरूम स्थित है। शोरूम के ऊपर बनी मंजिलों में उनका परिवार रहता है। बताया जा रहा है कि मकान के किचन में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। शुरुआत में परिवार के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई और पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बाल्टियों और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। कुछ ही देर में घर में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, कीमती दस्तावेज और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर राख हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें कई फीट ऊंचाई तक उठ रही थीं और काला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल गया था। बाजार क्षेत्र होने के कारण आसपास की दुकानों में भी आग फैलने का खतरा पैदा हो गया था, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों से सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी लगभग आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक आग अपना अधिकांश नुकसान कर चुकी थी। फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे अन्य भवनों तक फैलने से रोका।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि बिलसंडा जैसे बड़े कस्बे में आज तक स्थायी फायर स्टेशन की व्यवस्था नहीं की गई है। आग लगने की घटनाओं में फायर ब्रिगेड को जिला मुख्यालय या अन्य स्थानों से बुलाना पड़ता है, जिसके कारण राहत कार्य में देरी होती है और नुकसान बढ़ जाता है।
व्यापारियों का कहना है कि नगर में कई बार फायर स्टेशन की मांग उठाई गई, ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यदि नगर में फायर ब्रिगेड की स्थानीय व्यवस्था होती तो आग पर शुरुआती चरण में ही काबू पाया जा सकता था और लाखों रुपये की संपत्ति को बचाया जा सकता था।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण किचन में खाना बनाते समय हुई चिंगारी या गैस रिसाव माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर नगर में अग्निशमन सुविधाओं की कमी को उजागर कर दिया है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन से तत्काल बिलसंडा में स्थायी फायर स्टेशन स्थापित करने तथा बाजार क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से होने वाले भारी नुकसान को रोका जा सके।
पीलीभीत- स्टेट ब्यूरो, (अरुण मिश्रा) |



Link copied successfully!