17 सितंबर से मथुरा में शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 5 लाख दीपों से जगमगाएंगे धार्मिक स्थल
- 10h ago
झुंझुनूं। पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने और ईडब्ल्यूएस आयोग के गठन की मांग को लेकर 9 अगस्त को जयपुर में आयोजित होने वाली स्वर्ण पंचायत में झुंझुनूं जिले से बड़ी संख्या में विप्रबंधु शामिल होंगे। इसे लेकर विप्र फाउंडेशन की ओर से जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इस संबंध में पुराना बस स्टैंड स्थित जोशी भवन में विप्र फाउंडेशन की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक एवं एडवोकेट सुशील कुमार जोशी ने की। बैठक में जिले से अधिक से अधिक समाजबंधुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।
विप्र फाउंडेशन के जिला संयोजक उमाशंकर महमिया ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला अध्यक्ष कमलकांत शर्मा की अगुवाई में झुंझुनूं जिले से सैकड़ों की संख्या में समाजबंधु जयपुर पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को सुबह 11 बजे जयपुर-अजमेर रोड स्थित सूर्य सिटी मैदान में स्वर्ण पंचायत का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें शामिल होने के लिए समाजबंधुओं को लगातार संपर्क कर जयपुर पहुंचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अधिकारों की रक्षा और राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में ईडब्ल्यूएस के मुद्दे को लेकर संगठनात्मक स्तर पर आंदोलन शुरू किया गया है।
पदाधिकारियों के अनुसार इसी क्रम में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर के माध्यम से ज्ञापन भी भेजा जा चुका है। संगठन का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों में भी उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
जिला संयोजक उमाशंकर महमिया ने बताया कि जयपुर में होने वाली स्वर्ण पंचायत में केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि ब्राह्मण, राजपूत, वैश्य सहित विभिन्न सवर्ण समाजों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि पंचायत में ईडब्ल्यूएस वर्ग से जुड़े अधिकारों, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और ईडब्ल्यूएस आयोग के गठन सहित विभिन्न मांगों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही आगे चलाए जाने वाले आंदोलन की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि ईडब्ल्यूएस से जुड़े मुद्दे को प्रभावी तरीके से सरकार तक पहुंचाने के लिए समाज की एकजुटता जरूरी है। इसके लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में समाजबंधुओं से संपर्क किया जा रहा है और उन्हें जयपुर की स्वर्ण पंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की जा रही है।
संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि जयपुर की पंचायत में झुंझुनूं की मजबूत भागीदारी दर्ज कराई जाएगी, ताकि जिले की ओर से ईडब्ल्यूएस से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सके।
बैठक में विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष कमल कांत शर्मा, संगठन महामंत्री रामगोपाल महमिया, जिला कोषाध्यक्ष राकेश सहल, जिला मंत्री एडवोकेट नीरज शर्मा, रमेश चौमाल, शिक्षाविद श्यामसुंदर शर्मा, एडवोकेट रवि शुक्ला, सुरेंद्र जोशी, तहसील अध्यक्ष अनिल जोशी, शहर अध्यक्ष अमित पांडेय, प्रमोद चोटिया, लक्ष्मीकांत शर्मा, पंकज शर्मा, चेतन शर्मा और रवि शर्मा मंडावा सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजबंधु मौजूद रहे।
बैठक में आगामी 9 अगस्त की स्वर्ण पंचायत को लेकर जिम्मेदारियां तय करने और अधिक से अधिक समाजबंधुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
राजस्थान-रिपोर्टर,(सुरेश सैनी)।



Link copied successfully!