HomeBusinessभारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पहली प्रतिक्रिया,पीएम मोदी ने पत्रकारों को कहा- धन्यवाद

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पहली प्रतिक्रिया,पीएम मोदी ने पत्रकारों को कहा- धन्यवाद

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पहली बार मीडिया के सामने प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, जब पीएम मोदी एनडीए संसदीय दल की बैठक में शामिल होने के लिए पार्लियामेंट एनेक्सी बिल्डिंग पहुंचे तो इस दौरान वहां मौजूद तमाम पत्रकारों ने उन्हें भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए शुभकामनाएं दी, जिस पर पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए सभी को धन्यवाद कहा।
*भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता*
भारत और अमेरिका के बीच बने व्यापार समझौते के तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर पारस्परिक शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। हालांकि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि नया टैरिफ कब से लागू होगा? भारत किन अमेरिकी उत्पादों की खरीद बढ़ाएगा? और व्यापार बाधाएं कैसे कम होंगी? बता दें कि, अमेरिका की तरफ से भारतीय वस्तुओं पर 50% टैरिफ लगाने के बाद व्यापारिक संबंध तनावपूर्ण हो गए थे, जिसमें रूसी तेल खरीद से जुड़ा 25% शुल्क भी शामिल था। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आत्मविश्वास वह शक्ति है जो सब कुछ संभव बनाती है और विकसित भारत के सपने को साकार करने में मदद करेगी। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा- आत्मविश्वास वह शक्ति है, जिसके बल पर सब कुछ संभव है। विकसित भारत के सपने को साकार करने में देशवासियों की यही शक्ति बहुत काम आने वाली है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया है। जिसमें उन्होंने लिखा-  श्रीर्मङ्गलात् प्रभवति प्रागल्भ्यात् सम्प्रवर्धते। दाक्ष्यात् तु कुरुते मूलं संयमात् प्रतितिष्ठति॥ पीएम मोदी की तरफ से साझा किए गए संस्कृत श्लोक का अर्थ है कि धन सही कर्मों से अर्जित होता है। श्लोक में लिखा है, ‘यह (धन) साहस और आत्मविश्वास से बढ़ता है, कौशल और दक्षता से स्थिर रहता है, और अनुशासन से सुरक्षित रहने पर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देता है।’ बता दें कि, पीएम मोदी ने यह पोस्ट भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने के कुछ घंटों किया है।
*भारतीय निर्यातकों के लिए बेहतर समय*
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील की घोषणा हो चुकी है. इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय सामान पर टैरिफ 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है. भारतीय निर्यातकों (एक्सपोर्टर्स) के लिए यह इससे बेहतर समय नहीं हो सकता था. खास तौर पर गारमेंट, लेदर और फुटवियर बनाने वाली कंपनियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है. ये कंपनियां अभी-अभी समर सीजन के लिए अपने कंटेनर भेज चुकी हैं और अगले सीजन को लेकर चिंतित थीं. पिछले कुछ महीनों से कई छोटी भारतीय कंपनियों ने अमेरिका को एक्सपोर्ट बंद कर दिया था, जबकि बड़ी कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर किसी तरह अपना कारोबार बचा रही थीं.
*अतिरिक्त टैरिफ भी हटेगा*
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस डील की घोषणा करते हुए कहा कि भारत पर टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है. साथ ही, भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने के कारण लगाया गया 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ भी हटाया जा रहा है. ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी तेल की खरीद बंद करने के लिए सहमत हो गए हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों का कहना है कि इस डील में भारत की चिंताओं का भी ध्यान रखा गया है और अमेरिका की चिंताओं को भी पूरी तरह शामिल किया गया है.
*क्या चीन और बांग्लादेश पर भारी पड़ेगा भारत?*
अमेरिका भारत का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर है और दोनों देशों के बीच आपसी व्यापार 131.84 अरब डॉलर का है. सबसे अहम बात यह है कि अमेरिका के साथ भारत ट्रेड सरप्लस की स्थिति में है. दोनों देश पिछले साल फरवरी से ट्रेड एग्रीमेंट पर बातचीत कर रहे थे और उन्होंने 2030 तक आपसी व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है.
*अमेरिकी बाजार में भारतीय सामान ज्यादा प्रतिस्पर्धी*
ट्रेड डील के बाद अमेरिकी बाजार में भारतीय सामान अब ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो गया है. उदाहरण के तौर पर, भारतीय गारमेंट्स पर अब 18 फीसदी टैरिफ लगेगा, जबकि बांग्लादेश और श्रीलंका पर यह 20 फीसदी है. इसी तरह भारतीय कारपेट को भी फायदा मिलेगा. 50 फीसदी टैरिफ के कारण भारतीय कारपेट को काफी मार्केट शेयर गंवाना पड़ा था, लेकिन अब यह तुर्की के कारपेट की तुलना में सस्ता पड़ेगा. इसी तरह अमेरिकी बाजार में एक बार फिर भारतीय झींगा भी सस्ता हो जाएगा. रत्न और आभूषण निर्यात करने वाली कंपनियों ने भी इस फैसले के बाद राहत की सांस ली है.
*चीन से मुकाबला और किन सेक्टरों पर असर*
चीन की तुलना में भी अब भारतीय सामान अमेरिका में सस्ता हो जाएगा, क्योंकि चीन के अधिकतर सामान पर अमेरिका में 34 फीसदी टैरिफ लगता है. हालांकि ऑटो पार्ट्स और मेटल पर टैरिफ फिलहाल बरकरार रहेगा. कंपनियां अभी इस ट्रेड डील की पूरी डिटेल का इंतजार कर रही हैं, क्योंकि इस पर कोई जॉइंट स्टेटमेंट जारी नहीं किया गया है. इस बीच, भारत ने हाल में यूके और यूरोपियन यूनियन के साथ भी ट्रेड डील की है, जिससे भारतीय निर्यातकों को अपने कारोबार को और ज्यादा विविध बनाने का मौका मिलेगा.
*एक्सपोर्ट के आंकड़े और पिछले टैरिफ का असर*
अप्रैल से नवंबर के बीच भारत से अमेरिका का एक्सपोर्ट 11.3 फीसदी बढ़कर 59 अरब डॉलर पहुंच गया. इस दौरान स्मार्टफोन का एक्सपोर्ट दोगुना होकर 16.7 अरब डॉलर हो गया. अगस्त में भारतीय सामान पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया गया था और उसके बाद रूस से तेल खरीदने के कारण 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ भी लगाया गया था. कई कंपनियों ने इस टैरिफ से बचने के लिए ज्यादा सामान पहले ही अमेरिका भेज दिया था. इसके अलावा भारत से अमेरिका जाने वाले करीब 40 फीसदी एक्सपोर्ट पर टैरिफ लागू नहीं था, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक्स और फार्मा सेक्टर शामिल हैं.
*उद्योग जगत ने किया ट्रेड डील का स्वागत*
उद्योग संगठन सीआईआई ने आज जारी एक बयान में अध्यक्ष राजीव मेमानी ने कहा, “अमेरिका-भारत टैरिफ में 18% की अपेक्षित कमी भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक आर्थिक साझेदारी में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सीआईआई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व को एक रचनात्मक और दूरदर्शी बातचीत करने और भारत के सबसे महत्वपूर्ण व्यापार भागीदार के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बधाई देता है। यह कदम भारतीय उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाएगा, साथ ही विनिर्माण विकास, रोजगार सृजन और लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं के विकास को बढ़ावा देगा। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता तेजी से प्रतिस्पर्धी वैश्विक परिदृश्य में व्यापार, प्रौद्योगिकी और निवेश संबंधों को गहरा करने के लिए भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। सीआईआई दोनों देशों में व्यावसायिक हितधारकों के साथ निरंतर जुड़ाव की उम्मीद करता है ताकि इस गति को व्यवसायों के लिए ठोस परिणामों और निरंतर आर्थिक विकास में बदला जा सके।
विशेष संवाददाता, (प्रदीप जैन)।
RELATED ARTICLES

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Most Popular