खेकड़ा। बड़ागांव स्थित त्रिलोकतीर्थ परिसर में आयोजित दो दिवसीय “स्मार्ट गर्ल्स” कार्यशाला में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर व्यक्तित्व विकास और जीवन मूल्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। कार्यशाला के दौरान बालिकाओं ने माता-पिता के सम्मान की सदैव रक्षा करने का संकल्प भी लिया।
भारतीय जैन संगठन के तत्वाधान में स्यादवाद जैन एकेडमी में आयोजित कार्यशाला में प्रशिक्षक हेमंत, पलका और दीपा ने बालिकाओं को जीवन को बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि, आधुनिकता की चकाचौंध में बहने के बजाय सादा जीवन और उच्च विचारों को अपनाना जरूरी है, साथ ही अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और मुखर रहने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री नरेन्द्र जैन, श्यामलाल जैन, जयश्री जैन, त्रिलोक चंद जैन, प्रधानाचार्या सीमा दुग्गल, निर्मल और नितिन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यशाला के समापन पर बालिकाओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में रंग भर दिया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







