नई दिल्ली। देश को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा संदेश देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता के सामने नौ मजबूत संकल्प रखे हैं। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम से लेकर पानी बचाने, फिटनेस अपनाने और स्वदेशी को बढ़ावा देने तक एक-एक कर इन नौ संकल्पों को देशवासियों से अपनाने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि अगर लोग इन संकल्पों को ईमानदारी से अपनाएं, तो विकसित भारत का सपना जल्दी पूरा हो सकता है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने जिन बातों पर जोर दिया, उनमें पानी बचाना, बेहतर जल प्रबंधन, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पेड़ लगाना, साफ-सफाई रखना, वोकल फॉर लोकल अपनाना और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने जैसी बातें शामिल है।
पीएम मोदी ने बताए नौ संकल्प
अपने संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी ने लोगों से नौ महत्वपूर्ण संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज और देश को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक को मिलकर जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने जो नौ सुझाव दिए, वे इस प्रकार हैं-
पानी बचाने और उसका सही उपयोग करने का संकल्प लें।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पेड़ लगाएं और धरती माता की रक्षा करें।
धार्मिक स्थानों, गांवों और शहरों में साफ-सफाई बनाए रखें।
वोकल फॉर लोकल अपनाकर देश के उत्पादों को बढ़ावा दें।
अपने देश के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा करें और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा दें।
प्राकृतिक खेती को अपनाएं और बढ़ावा दें।
अपने आहार में मोटे अनाज शामिल करें और तेल के सेवन में लगभग 10% कमी करें ताकि स्वास्थ्य बेहतर रहे।
योग और खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
जरूरतमंद लोगों की मदद करें, जिससे समाज और मजबूत बने।
प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि ये सभी संकल्प देश को आत्मनिर्भर, स्वस्थ और सशक्त बनाने में मदद करेंगे।
विशेष- संवाददाता, (प्रदीप जैन)।







