बागपत। कस्बा रटौल की गैस एजेंसी पर पांच दिन बाद आयी घरेलू गैस सिलेंडर की गाड़ी की सूचना पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पाए, जिसपर उपभोक्ताओं ने एजेंसी मालिक पर उनकी अनदेखी व समय से सिलेंडर न देने का आरोप लगाया।
एजेंसी पर जुटे लोगों के मुताबिक,वे सुबह से ही लाइन में लगे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया है। आरोप लगाया कि, एजेंसी संचालक समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रहे हैं, जिससे आपूर्ति में लगातार देरी हो रही है तथा घरों में रसोई गैस चूल्हे न जलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान उपभोक्ता मोबाइल फोन पर आने वाले एसएमएस व डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड, यानि डीएसी नंबर की समस्या से भी जूझते दिखे।पास के गाँव ललियाना के उपभोक्ता राहुल व अरुण आदि ने आरोप लगाया कि, बाहर से आने वाले लोग कारों में आकर तुरंत सिलेंडर ले जाते हैं, जबकि लाइन में लगे लोगों को इंतजार करना पड़ता है। इसी तरह रटौल निवासी एक उपभोक्ता ने कहा कि, डीएसी नंबर आने के बावजूद उन्हें सिलेंडर देने में आनाकानी की जा रही है।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







