बागपत। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आज पूरे जनपद में भारतरत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती को पर्व की तरह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दौरान इस बाबासाहेब की प्रतिमा स्थलों सहित सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया। जिले के सभी मंडलों, बूथों एवं शक्ति केंद्रों पर भी कार्यक्रम आयोजित कर बाबासाहेब के चित्र व तस्वीर पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यकर्ताओं ने बाबासाहेब के ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो’, के संदेश को आत्मसात् करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि, बाबासाहेब ने संविधान के माध्यम से वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्ग को मुख्यधारा में लाने का कार्य किया। उनके विचार आज भी ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि, भाजपा कार्यकर्ता के लिए बाबासाहेब की जयंती केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का संकल्प दिवस है।
दूसरी ओर भाजपा किसान मोर्चा ने भारत रत्न बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती, किशनपुर बराल में विचार गोष्ठी की गई। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गुर्जर ने बाबासाहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा केक काटकर उनकी जयंती मनाई। इस अवसर पर वक्ताओं ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गुर्जर ने कहा, बाबासाहेब ने संविधान निर्माण के माध्यम से देश को एकता के सूत्र में पिरोया और समाज के सभी वर्गों के लिए समानता,न्याय व मानवाधिकारों का मार्ग प्रशस्त किया। किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष नितिन चौधरी ने कहा ,भारत रत्न बाबासाहेब का यह संदेश था कि, केवल शिक्षा ही सभी वर्गों को समाज में आगे बढ़ने का अवसर देती है, आज भी प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष गौरव तोमर, जिला महामंत्री व जिला पंचायत सदस्य मनुपाल बंसल, जिला मंत्री भाजपा किसान मोर्चा सचिन मलिक, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरविंद तोमर, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रिंस शर्मा, जिला कार्यालय प्रभारी विनय ठाकुर, आत्माराम मौर्य, ग्राम प्रधान विजेंद्र तोमर आदि मौजूद रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







