HomeDevotionalरामलला के ललाट पर सूर्यदेव ने किया तिलक वर्चुअली शामिल हुए प्रधानमंत्री...

रामलला के ललाट पर सूर्यदेव ने किया तिलक वर्चुअली शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली. रामनगरी अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर में राम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। दोपहर 12 बजे भगवान सूर्य ने रामलला के ललाट पर तिलक किया। यह लगभग चार मिनट तक चला। विशेष बात यह रही कि तिलक ठीक उसी समय हुआ, जो समय भगवान राम के जन्म का क्षण माना जाता है। पीएम मोदी ने अयोध्या के राम मंदिर में सूर्य तिलक समारोह में वर्चुअल रूप से भाग लिया।
इस बार रामनवमी पर रवि योग, सर्वार्थसिद्धि योग का विशेष संयोग भी बन रहा है। इससे इस आयोजन का धार्मिक महत्व और बढ़ गया। सूर्य तिलक के साथ ही रामलला का अभिषेक, शृंगार और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण भी किया गया। देश-विदेश के श्रद्धालु इस दिव्य क्षण के साक्षी बनें।
*तीन दिन तक किया गया ट्रायल*
इससे पहले बृहस्पतिवार को सूर्य तिलक की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। लगातार तीसरे दिन सूर्य तिलक का सफल ट्रायल किया गया। दोपहर ठीक 12 बजे सूर्य की किरणों ने रामलला के मस्तक को आलोकित किया। यह प्रक्रिया करीब चार मिनट तक चली। शुक्रवार को भी यही प्रक्रिया दोहराई गई।
*सूर्य तिलक के लिए अपनाई गई ये प्रक्रिया*
मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, सूर्य तिलक के लिए मंदिर के ऊपरी तल पर विशेष रिफ्लेक्टर, लेंस और मिरर सिस्टम लगाए गए। सूर्य की किरणें लेंस के माध्यम से दूसरे तल पर लगे दर्पण पर पहुंचीं। वहां से परावर्तित होकर करीब 75 मिलीमीटर के आकार में रामलला के ललाट पर तिलक के रूप में दिखाई दीं। यह पूरी प्रक्रिया सूर्य की दिशा और गति के अनुरूप तय की गई।
*सूर्य तिलक में वर्चुअली शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी*
श्रीराम नवमी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान राम की पूजा-अर्चना की। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में सूर्य तिलक समारोह में वर्चुअल रूप से भाग लिया।
*पीएम मोदी ने किया यह पोस्ट*
इससे पहले कल यानी गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की। जिसमें उन्होंने लिखा, देशभर के मेरे परिवारजनों को रामनवमी की असीम शुभकामनाएं। त्याग, तप और संयम से भरे मर्यादा पुरुषोत्तम के जीवन से हमें हर परिस्थिति का पूरे सामर्थ्य से सामना करने की प्रेरणा मिलती है। उनके आदर्श अनंतकाल तक भारतवासियों के साथ-साथ संपूर्ण मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे। मेरी कामना है कि भगवान राम की कृपा से सबका कल्याण हो, जिससे विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि का मार्ग प्रशस्त हो।
विशेष- संवाददाता, (प्रदीप जैन)।
RELATED ARTICLES

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Most Popular