HomeBusiness6जी में विश्व का नेतृत्व करेगा भारत: केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया

6जी में विश्व का नेतृत्व करेगा भारत: केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया

नई दिल्ली. केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संसद में देश की बदलती डिजिटल तस्वीर और भविष्य की रणनीतियों पर प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब तकनीक का अनुसरण करने वाला नहीं, बल्कि वैश्विक डिजिटल नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि संचार क्रांति आज केवल महानगरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि गाँव-गाँव तक पहुँचकर नागरिकों के जीवन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका को नई दिशा दे रही है।
*5जी का तीव्र विस्तार और 6जी का दूरदर्शी विजन*
केन्द्रीय संचार मंत्री ने बताया कि भारत ने दुनिया में सबसे तेज गति से 5G तकनीक को अपनाया है। मात्र 22 महीनों में देश के 99.9% जिलों में 5जी सेवाएँ प्रारंभ हो चुकी हैं, जो वैश्विक स्तर पर एक रिकॉर्ड है। इसके लिए टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स द्वारा लगभग ₹4 लाख करोड़ का निवेश किया गया और देशभर में 5 लाख से अधिक बीटीएस स्थापित किए गए। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में 40 करोड़ नागरिक 5जी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं, और वर्ष 2030 तक यह संख्या बढ़कर 100 करोड़ तक पहुँचने की संभावना है। भविष्य की दिशा स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा, “भारत 4जी में पीछे था, 5जी में दुनिया के साथ चला है और 6जी में दुनिया का नेतृत्व करेगा।
*ग्रामीण वाई-फाई विस्तार और महाराष्ट्र की उपलब्धि*
डिजिटल कनेक्टिविटी को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए सिंधिया ने कहा कि वाई-फाई नेटवर्क का विस्तार ग्रामीण भारत के लिए एक नई क्रांति सिद्ध हो रहा है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि वाई-फाई हॉटस्पॉट के मामले में महाराष्ट्र देश में दूसरे स्थान पर है, जहाँ 7,500 हॉटस्पॉट स्थापित किए गए हैं, जबकि देशभर में यह संख्या 92,000 है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि पिछले 10 वर्षों में देश में ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी 6 करोड़ से बढ़कर 100 करोड़ तक पहुँच गई है, और वर्ष 2030 तक इस नेटवर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाने की योजना है।
*अष्टलक्ष्मी राज्यों के प्रथम गाँव हो रहे सशक्त*
उत्तर पूर्वी भारत में कनेक्टिविटी की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए केन्द्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री सिंधिया ने अरुणाचल प्रदेश के विजयनगर जैसे दुर्गम क्षेत्रों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘आखिरी गाँव’ की सोच को बदलकर उसे ‘भारत का पहला गाँव’ बनाया है, और सरकार इन क्षेत्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी और ‘राइट ऑफ वे’ जैसी पर्यावरणीय एवं भौगोलिक चुनौतियों के समाधान के लिए अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्थानीय सांसदों के साथ मिलकर कार्य करने की बात भी कही।
*4जी सैचुरेशन और डिजिटल भारत निधि से अंतिम मील तक पहुँच*
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जहाँ आर्थिक रूप से मोबाइल टावर लगाना कठिन है, वहाँ सरकार ‘डिजिटल भारत निधि’ के माध्यम से कनेक्टिविटी सुनिश्चित कर रही है। 4जी सैचुरेशन योजना के तहत लगभग 30,000 गाँवों को चिह्नित किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि इसके लिए 21,000 टावर स्थापित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 17,000 टावर पहले ही लगाए जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में देश के हर गाँव में शत-प्रतिशत 4 जी सैचुरेशन सुनिश्चित कर डिजिटल समावेशन का सपना साकार किया जाएगा। सिंधिया ने कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी केवल तकनीक नहीं, बल्कि समावेशी विकास का माध्यम है, जो भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त और वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जा रही है।
*युवाओं की शिकायत पर सिंधिया ने 1 घंटे में खेल मैदान से हटवाया अतिक्रमण*
 केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्षेत्रीय प्रवास के दौरान युवाओं की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खेल मैदान को अतिक्रमण से मुक्त कराया। ग्राम डूंगरसरा में सबस्टेशन के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा दी गई शिकायत पर उन्होंने तत्काल कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए, जिसके बाद प्रशासन ने मात्र एक घंटे में मैदान से अतिक्रमण हटा दिया। इसके पश्चात सिंधिया ने हटाए गए अतिक्रमण वाले मैदान पर युवाओं के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया ।
विशेष संवाददाता, (प्रदीप जैन).
RELATED ARTICLES

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Most Popular