खेकड़ा। कस्बे में महिला जैन मिलन की गुरुवार को हुई बैठक में आगामी शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई व सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संस्था का स्थापना दिवस और नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह ,अगले माह बड़ागांव स्थित त्रिलोक तीर्थ परिसर में आयोजित किया जाएगा।
बैठक का आयोजन वीरांगना रूपाली जैन के निवास पर किया गया तथा शुरुआत णमोकार मंत्र और महावीर प्रार्थना के साथ हुई। कार्यक्रम में भारतीय जैन मिलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जनेश्वर दयाल जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान 24 तीर्थंकरों के चिन्हों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाली सदस्यों को सम्मानित किया गया।
धार्मिक चर्चा सत्र में वीरांगना रेखा जैन और शोभा जैन ने भगवान आदिनाथ के जीवन और शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। समय पर बैठक में पहुंचने वाली सदस्याओं के लिए लकी ड्रॉ भी आयोजित किया गया, जिसमें वीरांगना वंदना जैन विजेता रहीं और उन्हें पुरस्कृत किया गया। बैठक की अध्यक्षता वीरांगना रेखा जैन ने की। पंच परमेष्ठी व श्रीजी की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। बैठक में रुचि जैन, शोभा जैन, कविता जैन, रीना जैन, बबिता जैन, शालु जैन, दीपा जैन, अक्षिता जैन, संगीता जैन सहित कई सदस्याएं उपस्थित रहीं।







