बागपत। भाजपा द्वारा आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री व प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि, विपक्षियों ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है और अपनी महिला विरोधी मानसिकता को पूरी तरह उजागर कर दिया है। चमरावल रोड पर स्थित भाजपा कार्यालय पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि, 16 और 17 अप्रैल को संसद में संविधान विधेयक सहित परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून विधेयक पर हुई चर्चा देश के लोकतांत्रिक भविष्य और महिलाओं की भागीदारी से जुड़ा एक ऐतिहासिक अवसर था ,लेकिन इन दो दिनों में केवल एक विधेयक ही सदन में नहीं गिरा ,बल्कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके जैसे दल ,देश की आधी आबादी की नजरों से हमेशा के लिए गिर गए। कहा कि महिलाओं को मजबूत करना भाजपा सरकार की प्राथमिकता रही है ,लेकिन विरोधी पार्टियों ने महिलाओं के साथ छल करने का काम किया है।
पार्टी के प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी डॉ चंद्रमोहन ने कहा कि, विपक्ष की मंशा है कि अपने परिवार की महिला ही सांसद और विधायक बने। किसी गरीब की बेटी सदन तक न पहुंचे। वहीं जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि ,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर महिला के सम्मान के लिए एकजुट हैं।
गोष्ठी के बाद महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष व जिला उपाध्यक्ष लता सिसौदिया के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय से महिलाओं ने जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकाली।
चमरावल रोड पर भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोककर महिला विरोधी सोच का प्रदर्शन किया है। महिलाओं ने इस दौरान , नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, के नारे लगाए और विपक्षी दलों पर महिला सशक्तिकरण के खिलाफ होने का आरोप लगाया। इस दौरान जिला मंत्री अंजू कश्यप, मनजीत कौर, ममता प्रजापति, सुनीता यादव आदि महिलाएं मौजूद रहीं।







