बागपत। जिला संयुक्त अस्पताल स्थित रेड क्रॉस भवन में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जनपद बागपत की प्रबंध समिति की बैठक की अध्यक्षता सभापति पंकज गुप्ता तथा संचालन महासचिव अभिमन्यु गुप्ता द्वारा किया गया। जिसमें महासचिव ने जानकारी दी कि, 8 मई को 100 टीबी रोगियों को पोषण सामग्री पोटली वितरित की जाएगी, साथ ही रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिससे आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता प्रदान करने हेतु प्रशिक्षित किया जा सके।इस अवसर पर दीपक गोयल द्वारा गर्मियों के मद्देनजर पक्षियों के लिए छतों पर पानी हेतु मिट्टी के पात्र रखने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।
इस दौरान कोषाध्यक्ष डॉ मयंक गोयल द्वारा विगत वर्षों का वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे समिति द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।बैठक में प्रबंध समिति के अन्य सदस्यों को विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ भी सौंपी गई, जिसमें दीपक गोयल को जिला आपदा न्यूनीकरण समिति का प्रभारी नियुक्त किया गया तथा अमन गोयल को जिला युवा समिति का प्रभारी बनाया गया, जबकि आशुतोष मित्तल को जिला पर्यावरण समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में मूलचंद, डॉ जेएस शर्मा, अग्रवाल मंडी नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष डॉ विनोद कुमार,डॉ कमला अग्रवाल सहित प्रबंध समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







