HomeLife Style and Technologyपीएम मोदी ने जनता से मोबाइल की लाइट जलाकर कराया ज़ेवर एयरपोर्ट...

पीएम मोदी ने जनता से मोबाइल की लाइट जलाकर कराया ज़ेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जेवर एयरपोर्ट देश को समर्पित कर दिया है। पीएम मोदी ने रिमोट के जरिए जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस दौरान मंच पर सीएम योगी आदित्यनाथ, यूपी के दोनों डिप्टी सीएम और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री मौजूद थे।
*जनता से जलवाई मोबाइल की लाइट, कहा- अब उद्घाटन हुआ है*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामने बैठे लोगों से कहा, ‘जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन आपको करना है। मैंने तो केवल पर्दा हटाया है, आप लोग उद्घाटन के असली हकदार है। अपने मोबाइल की लाइट जलाइए और उद्घाटन कीजिए।
*यूपी अब सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक*
पीएम मोदी ने कहा, किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती। ये प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक बन गया है। आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। जिसमें पहला, इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य भी मुझे मिला था और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मुझे मिला है। दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रतिनिधि बनाया, सांसद बनाया, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।
*संकट के समय मे भी भारत ने तेज विकास निरंतर जारी रखा*
पीएम मोदी ने कहा, आज पूरा विश्व चिंतित है, पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई देशों में खाने-पीने का सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद जैसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट का सामना करने की कोशिश कर रहा है, और हमारा भारत भी पूरी शक्ति से इसका मुकाबला कर रहा है। देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस युद्ध-प्रभावित क्षेत्रों से मंगाता है। इसलिए सरकार हर वह कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों और हमारे किसान भाई-बहनों पर बोझ न पड़े। संकट के इस समय में भी भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है।
*पीएम ने सपा और कांग्रेस पर बोला हमला*
पीएम मोदी ने कांग्रेस और सपा पर हमला बोलते हुए कहा, 2004 से 2014 तक, यह हवाई अड्डा फाइलों में दबा रहा। फिर सपा सरकार ने काम को आगे नहीं बढ़ने दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा सरकार बनी, नींव रखी गई और अब हवाई अड्डा चालू है।
*सत्ताधारी यहां आने से डरते थे*
प्रधानमंत्री ने कहा, नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। मुझे याद है, जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वे उस कार्यक्रम में नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की गई, कहा गया, “नोएडा मत जाइए, मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हैं।” मैंने कहा, “मैं उस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगी। ” आज वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। यह पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।
*सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था*
समाजवादी पार्टी ने नोएडा को अपने हाल पर छोड़ दिया था। सपा वालों ने पहले नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर का यह एयरपोर्ट डबल इंजन की कार्य संस्कृति का बहुत अच्छा उदाहरण है।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आप सोचिए इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने 2003 में फाइल में मंजूरी दे दी थी। लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना लेकिन केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहली की सरकारों ने वर्षों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी शुरू के 2-3 वर्षों में उन्होंने इस पर काम नहीं होने दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा-एनडीए की सरकार बनी और दिल्ली में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी और निर्माण भी हुआ और अब ये शुरू भी हो गया है।’
*यह विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा*
पीएम ने कहा, ‘साथियों यह एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। हिंदुस्तान और यूपी का तो होना ही होना है, यह एयरपोर्ट पश्चिम यूपी के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों और भारत के नौवजानों के लिए अनेक अवसर देने वाला है। यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही यह विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा।
*पश्चिम एशिया संकट को लेकर लोगों से की अपील*
प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया संकट को लेकर कहा, 140 करोड़ देशवासी कड़े से कड़ा परिश्रम करें और वैश्विक संकट का एकजुट होकर सामना करें। हमें शांत मन से, धैर्य और एकजुटता के साथ मिल-जुलकर इस संकट का सामना करना है। यह पूरे विश्व में परेशानी पैदा करने वाला संकट है, हमें अपने देश की सबसे ज्यादा चिंता करनी है, और यही हम भारतीयों की सबसे बड़ी ताकत है।
*जेवर एयरपोर्ट विकास का उदाहरण: सीएम योगी*
नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी जी का बहुत आभार। हम नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। जेवर एयरपोर्ट से यूपी को नई उड़ान मिलेगी। जेवर एयरपोर्ट विकास का उदाहरण है। पिछले 11-12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो कार्ययोजना बनी है, आज हम सबको देखने को मिल रही है। भारत के अंदर पेट्रोलियम उत्पादों का दाम नियंत्रित है। उसकी आपूर्ति स्मूथ बनाई गई है। उस पूरी व्यवस्था में अमेरिका जैसे विकसित देशों में भी पेट्रोलियम उत्पादों के दाम आसमान छूते दिख रहे हैं। भारत के पड़ोसी देशों में भी पेट्रोलियम उत्पादों के दाम बढ़े हुए हैं, वहां पर अव्यवस्था का माहौल है। उन्हें अपने कार्य की अवधि को कम करना पड़ रहा है, उत्पादन को रोकना पड़ा है। जनता में कोटा सिस्टम लागू करना पड़ा है, लेकिन भारत के पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बनाए रखना, दाम को नियंत्रित करना और कल का ऐतिहासिक निर्णय जो लिया, जिसमें पेट्रोलियम उत्पादों में एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला जो लिया, उसके लिए यूपी की ओर से कृतज्ञता ज्ञापित करता हूं।
विशेष- संवाददाता, (प्रदीप जैन)।
RELATED ARTICLES

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Most Popular