मथुरा। फरह पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लगभग 29 किलो 760 ग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक, फरह पुलिस और स्वाट टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। नगला दौजी की पुलिया से अछनेरा रोड की ओर आ रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध गांजा मिला, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पप्पू उर्फ महेंद्र (45 वर्ष) पुत्र रामस्वरूप निवासी बबरौद, थाना अछनेरा, जनपद आगरा और गोपाल (58 वर्ष) पुत्र चंदन निवासी भाहई, थाना रिफाइनरी, जनपद मथुरा के रूप में हुई है।
ये दोनों मोटरसाइकिल संख्या UP80FE6950 से गांजे का परिवहन कर रहे थे। बरामदगी के बाद, फरह थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 78/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पप्पू उर्फ महेंद्र का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ वर्ष 2008 में थाना गोवर्धन में धारा 323, 498ए, 506 भादवि और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे अवैध धंधों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा।







