मथुरा। राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान रंग डालने के विवाद में एक युवक की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में बुधवार को स्वराज भारतीय न्याय पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मथुरा में जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र व दिल्ली सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति और सरकार को एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति के युवक की निर्मम हत्या के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि न तो दिल्ली सरकार का कोई प्रतिनिधि और न ही मुख्यमंत्री अब तक पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे हैं, जिससे समाज में रोष व्याप्त है। इन मांगों में पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये का मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा दिलाने की मांग शामिल है। पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इस मामले में ठोस कदम नहीं उठाए, तो खटीक समाज पूरे देश में एकजुट होकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा आंदोलन करेगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार से न्याय की मांग करते रहे।







