बागपत। विकास भवन में आयोजित किसान दिवस का भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने बहिष्कार किया व स्मार्ट मीटर सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी व हंगामा किया। बाद में जिलाधिकारी अस्मिता लाल व एसपी के समझाए जाने पर किसान बैठक में वापस आए।
इस दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मांग करते हुए कहा कि, जिले में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा क्षेत्र की जर्जर हुई सड़कों की मरम्मत कराई जाने तथा किसानों का गन्ने का बकाया भुगतान जल्द कराये जाने की मांग की। वहीं किसानों ने ऊर्जा निगम के कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि, यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई ,तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर, प्रदीप धामा, इंद्रपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, बिजेंद्र प्रधान, हिम्मत सिंह, विनोद चौधरी समेत कई किसान मौजन रहे।
इस मौके पर किसान स्मार्ट मीटर का विरोध, आवारा पशुओं से होने वाली परेशानी व नुकसान, विद्युत समस्याओं का समाधान, भूमि अधिग्रहण के बाद भी मुआवजे का न मिलने की समस्या व गांगनौली गांव में देहरादून हाईवे पर कट सहित विभिन्न मांगों को लेकर अपनी बात रखी तथा विभागीय संबंधित अधिकारियों पर समस्याओं व शिकायतों की अनदेखी का आरोप लगाया।
इस दौरान डीएम अस्मिता लाल व एसपी सूरज कुमार राय के समझाने के बाद किसान सभागार में वापस आए। तब कहीं अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। डीएम और एसपी ने संबंधित विभागों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।बैठक में किसान नेता व भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर ने कहा कि, बार-बार शिकायतें करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो किसान फिर से धरना प्रदर्शन करेंगे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







