बागपत। बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की 135 वीं जयंती के अवसर पर जिले भर में समारोह पूर्वक कार्यक्रम आयोजित कर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा गोष्ठी आयोजित कर उनके महान कार्यों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की गई। भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव रामजी अंबेडकर की 135 वीं जयंती जनपद में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाते हुए जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने अन्य अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा कहा कि, बाबा साहब द्वारा समानता, न्याय और मानवाधिकारों की जो मशाल प्रज्वलित की गई, वह आज भी हमारे समाज को सही दिशा दिखा रही है।

दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय द्वारा पुलिस लाइन स्थित नटराज हॉल में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान, संविधान निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका तथा सामाजिक न्याय, समानता एवं बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित उनके विचारों को स्मरण किया गया। उन्होंने डॉ अंबेडकर के जीवन दर्शन को आत्मसात् करते हुए समाज में समानता एवं न्याय के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान एएसपी बागपत सहित अन्य अधिकारीगण एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
जनपद के रटौल कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें रटौल चेयरमैन हाजी मुंतजिर के साथ सुरेंद्र, वेद प्रकाश गौतम, मानसिंह, राजेंद्र, रवि, सचिन सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। जिले के बिनौली ब्लॉक मुख्यालय पर ब्लॉक प्रमुख कुलदीप तोमर ने बीडीओ व कर्मचारियों सहित बाबासाहेब आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा उन्हें विश्व के संविधानों में सर्वश्रेष्ठ संविधान लिखने के लिए उनकी जयंती को राष्ट्रीय गौरव दिवस की संज्ञा दी।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







