बागपत, 13 अप्रैल 2026 (यूटीएन)। शराब पीने से वर्ष 2021 में हुई 6 मौतों से आहत चमरावल के लोगों ने गांव में शराब ठेका खोले जाने के विरोध में न केवल आक्रोश जताया ,बल्कि रविवार शाम सैकड़ों ग्रामीणों व महिलाओं ने शराब का ठेका तो बंद कर ही दिया साथ ही ठेके का बैनर फाड़कर चेतावनी भी दी, ठेका नहींं खुलने देंगे। इसबीच पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत करा दिया था।
ठेका खोले जाने से आक्रोशित ग्रामीण आज गाँव प्रधान केशव त्यागी और केटी विंग के संस्थापक कुलदीप त्यागी के नेतृत्व में ग्रामीण कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे तथा ठेके को स्थायी रूप से बंद करने की मांग करने लगे। वहीं अधिकारियों ने समस्या के समाधान अगले दो दिन में करने की बात कही। एडीएम विनीत उपाध्याय के आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त किया।
इससे पूर्व गत दिवस बागपत की जिला जाट महासभा के अध्यक्ष एड सोमेंद्र ढाका के आह्वान पर महिलाओं सहित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए। आक्रोशित ग्रामीणों ने ठेके का बैनर फाड़ दिया और दुकान का शटर बंद कराते हुए नशा मुक्ति के समर्थन में नारेबाजी की। एड सोमेंद्र ढाका ने बताया कि, वर्ष 2021 में देसी शराब पीने से 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसके कारण ग्रामीणों में पहले से ही दहशत व आक्रोश है।बताया कि, करीब 25 वर्ष पहले भी महिलाओं ने मिलकर शराब ठेका उखाड़ फेंका था।ग्रामीणों का कहना है कि चमरावल में किसी भी हाल में शराब ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा।
ग्राम प्रधान केशव त्यागी ने जानकारी दी कि, ठेका खुलने की सूचना मिलते ही उन्होंने उसे तुरंत बंद करा दिया था। फिलहाल एडीएम विनीत उपाध्याय ने दो दिन में इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन करने वालों में , विनीत त्यागी,शशांक त्यागी, ओमपाल, विनय ढाका, ग्राम प्रधान केशव त्यागी, विनीत, मुकेश, दीपक, अंकुर, विशारद, शेखर, अनुज, सुबोध, राजू, नितिन कुमार, भूरू, सचिन, मोहित राजेन्द्र त्यागी, राखी, सुधा,लक्ष्मी, पिंकी, कमलेश, सुनीता, सविता, प्रकाशी, सावित्री, बबीता और सोनम आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







