मथुरा। नौहझील पुलिस ने गृह मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर यमुना एक्सप्रेसवे के पास मोरकी इंटर कॉलेज, बाजना के सामने से हुई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विनोद कुमार पुत्र बनारसीलाल के रूप में हुई है, जो कुतुब विहार फेस-1, थाना छावला, दक्षिण पश्चिम दिल्ली का निवासी है। अभियुक्त के खिलाफ थाना नौहझील में मु0अ0सं0 267/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज था।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त विनोद कुमार ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसने पीड़ित रमेश को गृह मंत्रालय में अपनी ऊंची पहुंच का झांसा दिया और उसके बेटे को सरकारी नौकरी लगवाने का लालच देकर विश्वास में लिया। इस एवज में उसने रमेश से करीब 10 लाख रुपये नकद और बैंक खाते में ट्रांसफर के माध्यम से ठगे थे। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर उसे पकड़ने में सफलता मिली।







