मथुरा। पिछले दिनों से लगातार बिगड़ रहा मौसम अब किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। सोमवार को हुई बारिश और तेज हवाओं ने चौमुहां क्षेत्र के दर्जनों गांवों के खेतों में तबाही मचा दी। गेहूं, सरसों और आलू की तैयार फसलें खेतों में ही दम तोड़ रही हैं, जिससे किसानों की साल भर की मेहनत और जमा-पूंजी मिट्टी में मिलती नजर आ रही है। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने गेहूं के किसानों को पूरी तरह चौपट कर दिया है।
अकबरपुर निवासी सहदेव सिंह और सिहाना के महेश सिंह ने बताया कि गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन आंधी और बारिश ने फसल को बिछा दिया है। अब बालियों में नमी के कारण दाना काला पड़ जाएगा और पैदावार में गिरावट आएगी। यही हाल चौमुहां के खेतों का है। सरसों और आलू की खेती करने वाले किसानों की स्थिति और भी हृदयविदारक है। चौमुहां निवासी बच्चू सिंह ने बताया कि सरसों की फसल तैयार थी। बारिश और तेज हवाओं ने पूरी फसल को जमीन में लिटा दिया।







