मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों और अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए दो प्रमुख स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने एक अनधिकृत कॉलोनी और एक स्वीकृत लेआउट में किए गए अतिक्रमण को ढहा दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष के निर्देशन में सचिव आशीष सिंह के नेतृत्व में की गई।बपहली कार्रवाई थाना गोविंद नगर क्षेत्र में मौजा अहिल्यागंज खादर में हुई। यहां सुनील लवानिया और अन्य ने श्री कांशीराम शहरी आवास योजना के पास लगभग सात हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित की थी।
प्राधिकरण द्वारा नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माणकर्ता ने जवाब पेश नहीं किया, जिसके बाद 9 फरवरी 2026 को ध्वस्तीकरण के आदेश जारी हुए। भारी पुलिस बल के साथ प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर कच्ची सड़कों और भू-विभाजन के ढांचों को ध्वस्त कर दिया। दूसरी कार्रवाई थाना जैंत क्षेत्र के हरेकृष्णा धाम में की गई। यहां आरिया बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड ने स्वीकृत लेआउट का उल्लंघन करते हुए सार्वजनिक सड़क और हरित पट्टी की चौड़ाई कम कर अतिक्रमण किया था।
प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर इस अवैध निर्माण को बुलडोजर की मदद से साफ कराया। कार्रवाई को लेकर एमवीडीए सचिव आशीष सिंह ने कहा शहर के नियोजित विकास को बाधित करने वाले किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।







