बागपत। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वर वधू को आशीर्वाद देने एक के बाद एक वीआईपी आते रहे और उनके द्वारा समारोह को भव्य भी बताया गया। इस दौरान 135 शादियां व 50 निकाह संपन्न कराए गए। चमरावल रोड स्थित इंद्रदेव इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी का परिसर उस समय भावनाओं से भर गया, जब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में जोड़ों ने एक साथ सभी रस्मों रिवाज पूरे कर अपने जीवन का नया अध्याय शुरू किया। कार्यक्रम में कुल 185 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।इस दौरान कार्यक्रम स्थल राजसी अंदाज में सजाया गया था। सफेद और भगवा रंग के टेंटों से सजा परिसर, फूलों की मालाओं से सजे मंडप और मंच, हर दिशा में उल्लास और एकता का वातावरण फैला था। हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों की जोड़ियाँ एक ही परिसर में विवाह और निकाह के बंधन में बंधीं, जो गंगा-जमुनी तहजीब व सांप्रदायिक सौहार्द की अद्भुत मिसाल रही।
शहनाई की मधुर धुनों, बैंडबाजे के गीतों और मेहमानों की तालियों के बीच जब नवविवाहित जोड़े मंच पर आए, तो हर किसी की आंखें खुशी से चमक उठीं। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री केपी मलिक द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया और उन्होंने वर वधू को को मौके पर पहुंचकर आशीर्वाद दिया । विधायक योगेश धामा ने भी वर वधु को आशीर्वाद दिया। शादी में खानों के पकवानों में चाऊमीन , गोलगप्पे , दही बड़े, टिक्की, रसगुल्ला ,छोले चावल ,पूरी, तंदूरी रोटी बेसन रोटी ,मिक्स वेज, दाल मखनी ,पनीर आईसक्रीम आदि के सुंदर-सुंदर स्टॉल सजाए गए थे जो मेहमानों को अपनी और आकर्षित कर रहे थे । शादी में साक्षी होने वाले लोग कह रहे थे क्या लाजवाब शादी है। उत्तर प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हर किसी का सम्मान है । हर किसी की संभावनाओं को सरकार साकार कर रही है । बता दें कि, सरकार पहले 51 हजार रुपये एक शादी पर खर्च करती थी, अब यह शादी एक लाख रुपए में संपन्न होती है । मौके पर पहुंचकर बागपत जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने सभी वर वधू को आशीर्वाद दिया और उनके जीवन की मंगल कामनाएं की ।
विधायक योगेश धामा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह योजना ,गरीब परिवारों की बेटियों के जीवन में उजाला भर रही है। आज यह विवाह समारोह सरकार के संकल्प को धरातल पर उतरते हुए साफ दिख रहा है।उन्होंने कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ,शासन की विभिन्न योजनाएं आज आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं।जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने सभी जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि, बेटियों और उनके स्वजनों के चेहरे की मुस्कुराहट ही इस योजना की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने स्वयं पुष्पवर्षा कर नवविवाहित जोड़ियों को शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने निकाह एवं विवाह समारोह में उपस्थित रहकर स्वयं की देखरेख में सभी रीति रिवाज संपन्न कराए।इस दौरान विभाग द्वारा वितरित किए गए विशेष उपहारों का पैकेज बेटियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल रहा ।जिसे एक डिस्प्ले पर भी मंच के समीप स्थापित किया गया था जो कार्यक्रम में आकर्षक का केंद्र बना रहा।
प्रत्येक नवविवाहिता को गॉदरेज की सिलाई मशीन, बजाज मिक्सचर ग्राइंडर, दो तकिए, एक डबल बेड व चादरें, वैनिटी किट, ट्रॉली बैग, सीलिंग फैन, आयरन प्रेस, डिनर सेट, कूकर, कढाही, इंडक्शन, मिक्सर, चूल्हा ,दीवार घड़ी, वर को पैंट शर्ट का कपड़ा लड़की के लिए साड़ी सहित मैचिंग के कपड़े चांदी की पायल और बिछिया सहित जीवनोपयोगी सामग्री प्रदान की गई।जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्योति शर्मा ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान से प्रेरित है।कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, लोकगीत व मंगलगीतों ने वातावरण को और अधिक भावनात्मक बना दिया। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ तीरथ लाल, एडीएम न्यायिक शिवनारायण , एसडीएम बड़ौत भावना सिंह, एसडीएम बागपत अमरचंद वर्मा, अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना, मनोज रस्तोगी ,वीरज त्रिपाठी ,हरी लाल पटेल ,आस्था पाठक, सीमा राघव, सीएचसी अधीक्षक बागपत डॉ विभास राजपूत, जिला किसान मोर्चा भाजपा नितिन चौधरी, हरकेश शर्मा सहित बड़ी तादाद में लोग उपस्थित रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







