मथुरा। पुलिस लाइन परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और आमजन ने राष्ट्रीय गान गाया, तिरंगे को सलामी दी और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के आगमन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार और जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद पुलिस लाइन में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पुलिसकर्मियों और जनपद के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। ब्रज की प्रसिद्ध फूलों की होली का भी आयोजन हुआ। इसमें भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजे छात्र-छात्राओं ने फूलों की होली खेली। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद किया।







