झुंझुनू। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक गुरुवार को जिला परिषद सभागार में झुंझुनू सांसद बृजेंद्र सिंह ओला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति और संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में महात्मा गांधी नरेगा योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, समग्र शिक्षा अभियान सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ओला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों एवं प्रस्तावों का गंभीरता से निस्तारण करें और विभागीय योजनाओं की जानकारी समय-समय पर साझा करें। उन्होंने बैठक कार्यवाही की रिपोर्ट समय पर भेजने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, विद्युत आपूर्ति, फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर उनकी प्रगति जानी ओर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी, पिलानी विधायक पितराम काला, जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग, कावेंद्र सिंह, जिला परिषद के सीईओ कैलाश यादव सहित विभिन्न पंचायत समितियां के प्रधान, समिति के सदस्य एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्थान-रिपोर्टर,(सुरेश सैनी)।







