बागपत। बदल रही है सोच: बेटी की किलकारियों पर बजा खुशियों का ‘हूटर’,जब “बेटी हुई है” लिखी सजी गाड़ी के साथ मना जश्न। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा विजया किशोर रहाटकर ने सराहा ने कार्यक्रम व समारोह की प्रशंसा की और कहा,यही है सशक्त समाज की असली तस्वीर। इस दौरान जश्न भी, जवाबदेही भी के संदेश को चरितार्थ करते बागपत में बेटियों का सम्मान और पीड़ित महिलाओं को त्वरित समाधान की झलक भी देखने को मिली।
बागपत प्रशासन के फोकस में शामिल है बेटियों का सशक्तिकरण तथा योजनाओं एवं नवाचारों से सोच बदलने का सराहनीय प्रयास साकार हो रहा है।
बता दें कि, कभी ऐसा समय था ,जब बेटी के जन्म पर घरों में सन्नाटा छा जाता था। खुशी को दबाकर रखा जाता था, दरवाजे आधे बंद रहते थे। लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है—और इस बदलाव की सबसे मजबूत झलक जनपद बागपत में देखने को मिली, जहां नवजात बेटियों के जन्म पर खुशियों का ‘हूटर’ बज उठा। यहां बागपत प्रशासन ने बेटियों के लिए शासन की योजनाओं को मिशन मोड में लागू करने के साथ ही नवाचारों को अपनाकर बेटियों के लिए जो नई सोच को समाज में बढ़ावा दिया है उसे देख महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्षा रहाटकर ने भी बेहद प्रशंसा की।
जिला महिला अस्पताल में आयोजित कन्या जन्मोत्सव, समाज की बदलती सोच का जीवंत उत्सव बन गया। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा विजया किशोर रहाटकर की मौजूदगी ने इस आयोजन को और खास बना दिया। यहां 15 नवजात बेटियों का स्वागत केक काटकर, सम्मान पत्र देकर, स्लिपिंग बैग और बेबी किट भेंट कर किया गया। साथ ही हर परिवार को एक पौधा देकर “बेटी और प्रकृति” के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर का माहौल भावनाओं से भरा था। माताओं के चेहरे पर संतोष और गर्व झलक रहा था, तो परिवारजन भी उत्साहित नजर आए। हर ओर एक ही संदेश गूंज रहा था—“अब बेटी का जन्म छुपाने की नहीं, गर्व से मनाने की बात है।”
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के नेतृत्व में बागपत ने समारोह के जरिये यह साबित कर दिया कि, बदलाव बड़े अभियानों से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे सच्चे प्रयासों से आता है। जब बेटी की किलकारी पूरे माहौल को खुशियों से भर देती है और उसकी विदाई एक उत्सव बन जाती है, तब समझ आता है कि समाज सच में आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तीरथ लाल ,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर अनुराग ,एसडीएम बागपत अमरचंद वर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ विभास राजपूत, जिला कार्यक्रम अधिकारी नागेंद्र मिश्रा सहित आदि उपस्थित रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







