बागपत। जनपद में महिला थाने के पास रखे जल निगम के प्लास्टिक के पाइपों में भीषण आग लगने से जहां लाखों रुपए के पाइप जलकर राख हो गये। ऊंची लपटें और धुएं के गुबार देख आने जाने वालों सहित आस पड़ोस में रहने वाले लोगों में सांस लेने में परेशानी के चलते दहशत व अफरा तफरी का माहौल रहा। वहीं सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिन्होंने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया है कि, इस अग्निकांड में लाखों रुपये से अधिक के पाइप जलकर राख हो गए हैं।
बता दें कि, महिला थाने के पास,जल निगम के प्लास्टिक के पाइप खुले में ही रखे थे , जबकि इनसे कुछ दूरी पर ही पड़े कूड़े के ढेर में धीमी धीमी आग सुलग रही थी,उससे निकली चिंगारी किसी तरह इन पाइपों तक पहुंच गई और आग तेजी से फैलती चली गई।इसबीच आग की ऊंची लपटें देख आसपास के लोग डर गए तथा धुएं और घुटन से आशंकित भागने लगे। इस दौरान कई लोग आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। आग पर काबू पाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल, कूड़े के ढेर से निकली चिंगारी को ही आग का संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन लोगों का यह भी कहना है कि,खुले में पाइप डालने में विभागीय लापरवाही पर एक्शन होना चाहिए।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







