बागपत। हिंदी को अपनाकर बागपत की बेहतर सेवा देने के लिए विभाग, संवैधानिक और नैतिक कर्तव्य दोनों के निर्वहन हेतु प्रोत्साहन व डिजिटल युग में एआई एवं तकनीकी संग सरल हिंदी के प्रयोग करने के लिए सहायक निदेशक अजय कुमार ने कहा कि, हिंदी भाषा सेतु का काम करेगी तथा हिंदी से मजबूत होगा प्रशासन और जनता के बीच संवाद।
बागपत जनपद में केंद्र सरकार के कार्यालयों, संस्थानों एवं बैंक-बीमा उपक्रमों में हिंदी राजभाषा के प्रयोग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गृह मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन कार्यालय गाजियाबाद के सहायक निदेशक कार्यान्वयन, अजय कुमार चौधरी, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 18 वीं अर्धवार्षिक बैठक में शामिल हुए। मेरठ रोड स्थित केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में समिति के सदस्य कार्यालयों में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों, बैंकों और बीमा संस्थानों में कार्यालयीन हिंदी के प्रयोग का मूल्यांकन कर संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं हिंदी गान के साथ हुआ। हिंदी गान की मधुर प्रस्तुति ने माहौल को राष्ट्रभाषा प्रेम से ओतप्रोत कर दिया। अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। केनरा बैंक के मंडल प्रबंधक प्रतीक श्रीवास्तव ने स्वागत संबोधन में कहा कि, जैसे संस्कृत से संस्कृति है, वैसे ही हिंदी से हिंदुस्तान है।
बैठक के दौरान बागपत जिले के अंतर्गत कार्यरत केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों, बैंकों एवं संस्थानों में पिछले छह महीनों में हिंदी के उपयोग की स्थिति की समीक्षा की गई। सहायक निदेशक अजय कुमार चौधरी ने कहा कि राजभाषा कार्यान्वयन में केंद्र सरकार के सभी कार्यालय रुचि लेकर कार्य करें व हिंदी को अधिकाधिक कार्यालयी प्रयोग में लाने से हम बागपत जनपद के निवासियों को भारत सरकार की योजनाओं से बेहतर ढंग से जोड़ सकते हैं।
बैठक में स्वयंसेवक अमन कुमार द्वारा समिति के कार्यों में दिए जा रहे स्वैच्छिक योगदान एवं हिंदी राजभाषा के प्रति प्रतिबद्धता की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई। इस दौरान अतिथियों ने कालिंदी धारा पत्रिका के नवीन अंक का विमोचन भी किया, जिसमें हिंदी में हो रहे रचनात्मक कार्यों और उपलब्धियों को संकलित किया गया है।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त अश्वनी कुमार, केंद्रीय विद्यालय बावली के प्राचार्य नवल सिंह, सहायक आयुक्त विकास गुप्ता, मनोज कुमार, प्रभा रानी, वंदना सिंह, प्रियंका, नवीन कुमार, पंकज मलिक, उमेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







