बागपत। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व; आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव को समर्पित पहल उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत एवं धार्मिक आस्था को प्रोत्साहित करने हेतु “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह पहल प्रदेशवासियों को भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।इसी क्रम में आज सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत जनपद बागपत से चयनित 9 तीर्थयात्रियों को कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी अस्मिता लाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना किया गया। यह तीर्थयात्री लखनऊ से सोमनाथ मंदिर (गुजरात) के लिए ट्रेन से प्रस्थान करेगी और सोमनाथ मंदिर का भ्रमण करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता भी करेंगे। जनपद बागपत से 9 तीर्थयात्री एवं एक नोडल अधिकारी इस पावन यात्रा में सम्मिलित हुए हैं।
बता दें कि, सोमनाथ मंदिर भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम स्थान रखता है। यह मंदिर केवल धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था एवं आत्मगौरव का प्रतीक है। इतिहास में अनेक आक्रमणों के बावजूद इसका बार-बार पुनर्निर्माण भारतीय समाज की अटूट श्रद्धा और दृढ़ता को दर्शाता है।
जनपद स्तर पर आयोजन
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत जनपद बागपत के समस्त शिवालयों में भजन संध्या, कीर्तन, रुद्राभिषेक, महाआरती एवं दीपोत्सव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इसके साथ ही 19 अप्रैल को पक्का घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान एवं महाआरती का आयोजन भी प्रस्तावित है।
शैक्षणिक गतिविधियां
शिक्षा विभाग के सहयोग से विद्यालयों में शिव पुराण पर आधारित चित्रकला, रंगोली, भाषण एवं काव्य प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, इतिहास एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी ने तीर्थयात्रियों को डायरी एवं गमछा भेंट कर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, यह यात्रा उनके लिए सौभाग्य का अवसर है और वे सकुशल यात्रा कर विभिन्न तीर्थों के दर्शन करें। सोमनाथ स्वाभिमान तीर्थ यात्रा 24 अप्रैल 2026 को वापस लौटेगी।
इस अवसर पर सीडीओ अनिल कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी नितिन कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







