बागपत, 16 अप्रैल 2026 (यूटीएन)। प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत एवं धार्मिक आस्था को प्रोत्साहित करने हेतु “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह पहल प्रदेशवासियों को भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश सरकार पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के तहत प्रदेश के प्रत्येक जनपद से 10 तीर्थयात्रियों एवं एक नोडल अधिकारी को सोमनाथ यात्रा कराए जाने की कार्ययोजना बनाई गई है, इसके लिए जनपद बागपत में जिलाधिकारी के निर्देश पर समिति गठित की गई है। मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने विकास भवन में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कहा कि, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन पूरे जनपद में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जाए।उन्होंने बताया कि, सोमनाथ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की आस्था, सांस्कृतिक दृढ़ता एवं आत्मगौरव का प्रतीक है। यह मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जाता है और इतिहास में कई बार विध्वंस के बावजूद पुनर्निर्माण होकर भारतीय सभ्यता की अटूट शक्ति का संदेश देता आया है।
जनपद बागपत से चयनित 10 तीर्थयात्रियों में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, स्वयंसेवक, व्यापारी, सफाई कर्मी एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी होंगे। अपर जिला पंचायत राज अधिकारी को यात्रा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
*यात्रा कार्यक्रम*-
18 अप्रैल को बागपत से लखनऊ के लिए प्रस्थान तथा 19 अप्रैल को लखनऊ से सोमनाथ के लिए प्रस्थान होगा जो 21 अप्रैल को सोमनाथ (गुजरात) पहुंचेंगे। इसके साथ ही 22 व 23 अप्रैल को विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर 24 अप्रैल को सोमनाथ से लखनऊ वापसी होगी। यात्रा के दौरान सोमनाथ संकल्प संवाद, मंदिर दर्शन, लाइट एंड साउंड शो, सोमनाथ म्यूजियम भ्रमण, भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन, दीप उत्सव एवं स्थानीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
नोडल अधिकारी के रूप में जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने बताया कि, इसके साथ ही जनपद के सभी विकासखंडों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में शिव मंदिरों पर भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती एवं दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।19 अप्रैल को पक्का घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान एवं यमुना महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा।
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि, शिक्षा विभाग के सहयोग से जनपद के शिक्षण संस्थानों में शिव पुराण पर आधारित चित्रकला, रंगोली,भाषण व काव्य प्रतियोगिताएं आयोजित कर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ा जाएगा। 18 अप्रैल को जिलाधिकारी द्वारा सोमनाथ स्वाभिमान तीर्थ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर कलेक्ट्रेट से लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा।
संपन्न हुई तैयारी बैठक में परियोजना निदेशक राहुल वर्मा ,जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना, जिला कार्यक्रम अधिकारी नागेंद्र मिश्रा, एडीपीआरओ नितिन कुमार जिला सहायक रोजगार अधिकारी विपिन कुमार सहित समस्त खंड विकास अधिकारी भी उपस्थित रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







