बड़ौत,15 अप्रैल 2026 (यूटीएन)। तहसील के गाँव मलकपुर शुगर मिल में मंगलवार रात ईटी प्लांट से जहरीली गैस रिसाव से एक की मौत पांच कर्मचारी बेहोश। हादसे के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी के माहौल के बीच भगदड़ मच गई। गैस रिसाव हादसे के बाद प्रबंधन के खिलाफ पीड़ित जनों व कर्मचारियों सहित ग्रामीणों में आक्रोश के स्वर हैं तथा धरना देकर बैठ गए। मंगलवार की देर रात हुए हादसे के बाद बुधवार सुबह से ही बड़ी संख्या में कर्मियों व ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया तथा मृतक के परिजन मिल प्रशासन के उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गये। उनका कहना था कि, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बता दें कि, गुराना रोड निवासी सुरेश कुमार शर्मा, शुगर मिल में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान वे ईटीपी प्लांट की लाइट चालू करने के लिए जैसे ही उन्होंने लाइट ऑन की, वैसे ही अचानक जहरीली गैस का रिसाव होता देख उसने शोर मचा दिया, लेकिन वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। आवाज सुनकर उसे बचाने के लिए पहुंचे कर्मचारी हमीद, धर्मेंद्र, प्रदीप, अनिल और बिट्टू आदि कर्मचारी बेहोश हो गए।
बताया गया है कि,घटना के समय मिल में मौजूद 80 से अधिक कर्मियों में भगदड़ मच गई। सुरेश शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 5 घायलों को अस्पताल भेजा गया।इस बीच हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
घटना की सूचना पर सीओ बड़ौत अंशु जैन और इंस्पेक्टर दीक्षित कुमार त्यागी भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मामले की जांच शुरू की तथा कहा कि, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिजनों ने दिया धरना
बड़ौत स्थित मलकपुर चीनी मिल में हुए गैस रिसाव हादसे के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मृतक के परिजन मिल प्रशासन के उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे तथा अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया है।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







