मथुरा। चौमुहां स्थित इण्डेन ग्रामीण वितरक एजेंसी और नौगांव गैस एजेंसी पर इन दिनों हाहाकार है। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि बुकिंग के पांच-पांच दिन बीत जाने के बाद भी मोबाइल पर ओटीपी नहीं आ रहा है। जिनके फोन पर ओटीपी आ भी जाता है, उन्हें गैस गोदाम पर स्टॉक खत्म का बोर्ड दिखाकर लौटा दिया जाता है। मंगलवार सुबह कई ग्राहकों को लौटाया गया। अकबरपुर निवासी पिंकी और उनके साथ आई अन्य गृहणियों ने अपना दुख बयां किया।
पिंकी ने बताया कि उन्होंने एक महीने पहले सिलेंडर बुक कराया था। घर में गैस खत्म होने के कारण चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है। मजबूर वह अकबरपुर से तरौली तक रिक्शे में पहुंचीं, लेकिन वहां से नौगांव स्थित गैस एजेंसी तक 3 किलोमीटर का सफर सिर पर सिलेंडर रखकर पैदल तय किया। इसके बाद गैस एजेंसी मैनेजर ने उन्हें शाम तक सिलेंडर घर पहुंचाने की बात कहकर लौटा दिया।







