बागपत। शिक्षकों की लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए डीआईओएस कार्यालय पर आक्रोशित शिक्षकों ने माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले धरना-प्रदर्शन किया तथा उन्होंने डीआईओएस को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।
धरना प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।जिसपर संघ ने मांग की है कि, एनपीएस खातों में राज्य सरकार द्वारा ब्याज अपडेट किया जाए। साथ ही, पुरानी पेंशन योजना में शामिल किए गए शिक्षकों की एनपीएस राशि को जीपीएफ में स्थानांतरित किया जाए।
संघ ने विशिष्ट बीटीसी शिक्षकों के विकल्प पत्र को समयबद्ध तरीके से निदेशालय भेजने की भी मांग की, ताकि उनकी लंबित प्रक्रियाएं पूरी हो सकें। इसके अतिरिक्त, 20 से 25 लाख रुपये की ग्रेच्युटी वाले शिक्षकों के भुगतान की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करने की बात कही गई।
इस दौरान मृतकाश्रितों के ग्रेच्युटी भुगतान, बकाया वेतन और पेंशन संबंधी व्यक्तिगत मामलों के समाधान की भी मांग की गई।वहीं शिक्षकों के मानव संपदा पोर्टल पर डेटा अपडेट और सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
जिला मंत्री हरेंद्र नाथ सहाय के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में चेतावनी भी दी गई कि, यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो संगठन आगे आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष पूर्व प्रधानाचार्य राजबीर तोमर उपाध्यक्ष सुधीर तोमर, प्रान्तीय उपाध्यक्ष सुलेखा, पूर्व जिलामंत्री जितेन्द्र तोमर ,राजेन्द्र तोमर, कँवरपाल शिवकुमार शास्त्री आदि भी मौजूद रहे। वहीं डीआईओएस राघवेंद्र सिंह ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वास्त किया तथा उल्लिखित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण की बात कही।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







