बागपत। दिल्ली के नांगलोई क्षेत्र के रहने वाले दो इंजीनियर दोस्तों की मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों दोस्त बाबा नीलकंठ ऋषिकेश के लिए अपनी नौकरी के लिए मन्नत को जा रहे थे।
दोनों दोस्तों को एक दिन पहले ही बीटेक की डिग्री मिली थी , जिससे नौकरी की मन्नत मांगने दिल्ली से ऋषिकेश के नीलकंठ महादेव मंदिर के लिए जा रहे थे। इंजीनियर प्रयाग व कपिल दोनों नांगलोई के रहने वाले थे तथा उन्होंने गूगल मैप का इस्तेमाल किया हुआ था, जो उन्हें दिल्ली- देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर ले गया। पुलिस के मुताबिक 100 किमी की स्पीड से एक्सप्रेस-वे पर करीब 200 मीटर चलने के बाद ही उनकी टाटा पंच कार बेकाबू हो गई और बैरियर से जा टकराई,जिससे उनकी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे अभी निर्माणाधीन है तथा इसपर जगह जगह कार्य शेष है, लेकिन इस संबंध में कोई सूचनात्मक बोर्ड नहींं लगे हैं, जिस कारण से लोग राह भटक जाते हैं या दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं।
प्रयाग के पिता राजेंद्र कौशिक नीति आयोग में अंडर सेकेट्री हैं। घर में मां के अलावा 2 बहनें हैं, जबकि कपिल के पिता राजेश प्राइवेट नौकरी करते हैं।दोनों के परिजन और प्रियजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







