HomeOtherनाला व्यवस्था पर फूटा आक्रोश, ब्रह्मचारी घाट के अधूरे कार्य पर उठे...

नाला व्यवस्था पर फूटा आक्रोश, ब्रह्मचारी घाट के अधूरे कार्य पर उठे सवाल, हिंदू महासभा ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

पीलीभीत। नगर की बदहाल नाला व्यवस्था, खुले नालों से बढ़ते जानलेवा खतरे एवं ब्रह्मचारी घाट के अधूरे सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर अखिल भारत हिन्दू महासभा का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। संगठन के जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में संगठन ने नगर की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकांश नाले अभी से ओवरफ्लो हो रहे हैं और जगह-जगह कचरे से भरे पड़े हैं। नालों की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
हैरानी की बात यह है कि अभी न तो कोई भारी वर्षा हुई है और न ही नदियों का जलस्तर बढ़ा है, इसके बावजूद हालात इतने खराब हैं। ऐसे में बरसात के समय स्थिति और भयावह होने की आशंका जताई गई है। संगठन ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष भी नालों की सफाई में लापरवाही के कारण शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया था, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जो कि जनता की समस्याओं के प्रति उदासीनता को दर्शाता है।
ज्ञापन में खुले नालों को सबसे बड़ा खतरा बताते हुए कहा गया कि नगर के कई स्थानों पर गहरे और चौड़े नाले बिना ढके हुए हैं, जो सीधे तौर पर लोगों की जान के लिए जोखिम बने हुए हैं। हाल ही में बरेली के सैटेलाइट क्षेत्र में खुले नाले में गिरकर एक व्यक्ति की मौत की घटना का उल्लेख करते हुए संगठन ने चेताया कि यदि पीलीभीत में भी ऐसी कोई घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और नगर पालिका की होगी।
इसके अतिरिक्त ब्रह्मचारी घाट के सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर भी संगठन ने सवाल उठाए। बताया गया कि गत वर्ष बाढ़ के दौरान वहां कार्य कराया जा रहा था, जिसे आपत्ति दर्ज कराते हुए रुकवाया गया था, लेकिन उसके बाद आज तक कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया। इससे यह प्रतीत होता है कि कार्य केवल औपचारिकता और बजट खर्च करने के उद्देश्य से किया जा रहा था। जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि इस गंभीर विषय को प्राथमिकता देते हुए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि नगरवासियों को संभावित समस्याओं और खतरों से बचाया जा सके।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा, जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश कश्यप, नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, युवा जिला उपाध्यक्ष राहुल राठौर, कृष्णा साहनी, जितेंद्र मौर्य, चेतन श्रीवास्तव, मनोज वर्मा, प्रेम सागर शर्मा, अनिल कुमार, प्रमोद कश्यप, पं. राहुल, हरिओम मिश्रा, महिला जिलाध्यक्ष बिंदु सिंह, महिला जिला महामंत्री कविता वंशवाल आदि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पीलीभीत- स्टेट ब्यूरो, (अरुण मिश्रा) |
RELATED ARTICLES

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Most Popular