बडौत। छपरौली विधायक डॉ अजय कुमार के प्रयास से अब शीघ्र ही हिंडन नदी पर ब्रिज निर्माण के लिए तैयारियों को अमली जामा पहनाया जाएगा। क्षेत्र के झुंडपुर-पांचली मार्ग 26.10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल का आज विधिवत् भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू किया गया।बता दें कि, रालोद विधायक डॉ अजय कुमार के प्रयास से ही असारा गांव में भी 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल और पहुंच मार्ग का भूमि पूजन किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, अब तक उन्हें अपने खेतों तक जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता था, जिससे समय और जोखिम दोनों बढ़ जाते थे। अब इन पुलों के शीघ्र निर्माण से आवागमन आसान हो जाएगा और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
छपरौली विधायक डॉ अजय कुमार ने कहा कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से व्यक्तिगत रूप से मिलकर इन पुलों की स्वीकृति व निर्माण हेतु यथाशीघ्र धन आवंटन की बात कही थी, जो उन्होंने मान ली।अब यह पुल क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे। इससे झुंडपुर, मिलाना, खपराना, तमेलागढ़ी, बोपारा सहित फौलादनगर व अन्य कई गांवों के लोगों को आवागमन की सुविधा होगी तथा धन और समय की भी बचत होगी।
साथ ही कहा कि ,पुलों के बनने से किसानों की फसलें समय पर बाजार तक पहुंचेंगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।रालोद नेता हारुन चौधरी ने इसे क्षेत्र के विकास और आवागमन की सुविधा में मील का पत्थर बताया तथा फूलमाला पहनाकर विधायक डॉ अजय कुमार का आभार जताया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ,निर्माण इकाई के परियोजना प्रबंधक ऋतिक श्रीवास्तव, सहायक अभियंता योगेश कुमार,राहुल मलिक आदि बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत कर आभार जताया। विधायक ने सभी से निर्माण कार्य में सहयोग की अपील करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







