वृंदावन। वृंदावन में ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर में दर्शनों का समय बढ़ाने को लेकर हाईपावर्ड कमेटी के फैसले का विरोध तेज हो गया है। शनिवार को गोस्वामी समाज की महिलाओं ने मंदिर के मुख्य द्वार पर इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया और इसे ठाकुर जी की प्राचीन पूजा परंपरा के खिलाफ बताया।
विरोध कर रही महिलाओं का कहना है कि हाईपावर्ड कमेटी लगातार तरह तरह के फैसले को गोस्वामी समाज पर जबरदस्ती थोप रही है जबकि मंदिर की पूजा-अर्चना और सेवा की परंपराओं में सदियों से निर्धारित नियमों के अनुसार ही चलती हैं। उनका आरोप है कि दर्शनों का समय बढ़ाने का फैसला इन परंपराओं को प्रभावित करेगा। हाल ही में कमेटी की ओर से उन सेवाधिकारी गोस्वामीयों पर आर्थिक दंड लगाने का नोटिस चस्पा किया गया जिसमें कहा गया कि दर्शनों का समय जिन भी सेवायतों ने नहीं बढ़ाया तो उनके खिलाफ अर्थदंड लगाया जाएगा।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि पारंपरिक व्यवस्था में हस्तक्षेप किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान अंजलि गोस्वामी, सुमन गोस्वामी, माला गोस्वामी, सुनीता गोस्वामी, मनीषा गोस्वामी, कोमल गोस्वामी, ललिता गोस्वामी, शालू भंडारी, पिंकी पुरोहित, प्रीति गोस्वामी आदि मौजूद रहे।







