मथुरा। गोवर्धन तहसील क्षेत्र के गांव अडींग में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजली के तारों से निकली चिंगारी के कारण खेत में खड़ी गेहूं की फसल चल गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में अडींग निवासी शिवकुमार गर्ग उर्फ कल्लन की करीब दो बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। बताया जा रहा है कि खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन से अचानक चिंगारियां उठने लगीं, जिससे सूखी फसल ने आग पकड़ ली। देखते ही आग की लपटें उठने लगीं।
मौके पर मौजूद किसानों और ग्रामीणों ने खुद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती चली गई। गांव वालों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को मामले की सूचना दी। इसके बाद पहुंचीं टीमों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, तब तक किसान की दो बीघा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार जर्जर हाल में हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि इन तारों को तत्काल बदलवाया जाए। साथ ही किसान को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए।







