बागपत। नगर पालिका के वार्ड 15 में अवैध गांजा बिक्री का आरोप लगाते हुए मोहल्ले के निवासियों व सभासद रुखसार ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की तथा नगर पालिका अध्यक्ष और पुलिस प्रशासन को एक शिकायत पत्र भी सौंपा। सभासद सहित लोगों की मांग है कि, आरोपियों पर गैंगस्टर सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए।
शिकायती पत्र में बताया गया कि, मोहल्ला माता काली मंदिर के पास एक घर में लंबे समय से अवैध गांजे का कारोबार चल रहा है। आरोप है कि यहां बाहरी लोगों की आवाजाही से मोहल्ले का माहौल बिगड़ रहा है, जिससे छोटे बच्चे और युवा भी नशे की लत में पड़ रहे हैं।
आरोप लगाया कि ,जब उन्होंने इस अवैध गतिविधि का विरोध किया, तो उनके साथ अभद्रता और झगड़ा भी किया गया। शिकायत में 8 मार्च 2026 की एक घटना का भी जिक्र है, जब नशे में धुत्त कुछ लोगों ने मोहल्ले में हंगामा किया और विरोध करने वालों के साथ मारपीट का प्रयास किया।
बताया गया है कि इस मामले में पहले भी पुलिस में मुकदमा दर्ज किया गया था और एक आरोपी को जेल भेजा गया था। हालांकि, जेल से छूटने के बाद भी आरोपी ने कथित तौर पर गांजा बेचना जारी रखा है, जिससे क्षेत्र के लोग परेशान हैं।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







