बाड़मेर : जल जीवन मिशन के तहत जिले के सभी परिवारों को नल से जल मुहैया कराया जा रहा है।जल जीवन मिशन का उद्देश्य ही समुदाय द्वारा, समुदाय के लिए, समुदाय तक पाइप लाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। यह महत्वाकांक्षी अभियान ग्राम पंचायत,ग्राम जल समिति सहित आम लोगों के सहयोग के बगैर सफल नहीं हो सकता है।यह बात अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्रसिंह चांदावत ने कहीं।उन्होंने गुरुवार को पेयजल एवं स्वच्छता समिति और जल जीवन मिशन की मासिक बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मिशन के कार्यो को मिशन मोड में जल्द सम्पन्न करवाने की बात कही।उन्होंने कहा कि योजना के संचालन और रखरखाव के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित कराना समुदाय की जिम्मेदारी होती है।
जल संरक्षण के प्रति सजग होना एवं जल स्रोतों के आसपास की सफाई रखना पंचायत के समुदाय को सुनिश्चित करना होगा। ग्राम कमेटियों की जवाबहेही की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के संदेश को गांव में जन-जन तक पहुंचाना,जल स्रोत और जल की गुणवत्ता की जांच कराने की जिम्मेदारी जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हर गांव में प्रभावी मोनेटरिंग हो।बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालयों में जल स्रोत की स्थापना के लिए पहल करने की आवश्यकता है। जिन जगहों पर नल कनेक्शन नही है वहाँ इस जनवरी माह के आखिरी सप्ताह तक स्कूलों में शत प्रतिशत नल से जल पहुँचाने की बात कही। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी के जल जीवन मिशन को जिले में बेहतर तरीके से क्रियान्वित करने के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्र चांदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार काे बैठक का आयोजन हुआ।
बैठक में मिशन के उद्देश्य व कार्ययोजना पर चर्चा की गई। जिला जल स्वच्छता मिशन के सचिव हजारी राम बालवा ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को जिले की मौजूदा प्रगर्ति से अवगत करवाया।जल जीवन मिशन की बैठक की अध्यक्षता कर रहे अतिरिक्त जिला कलक्टर चांदावत ने कहा कि गाँव स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य केंद्र सबसे पहले जल कनेक्शन से जुड़े। जल जीवन मिशन में गाँव मे कार्य की शुरुआत ही इन्ही जगहों के जल कनेक्शन से हो।आने वाले कल के लिए और गाँव के वर्तमान के लिए इन जगहों का पेयजल से जुड़ा होना बेहद जरूरी है।जिला कलेक्टर सभागार में आयोजित बैठक में नर्मदा नहर आधारित पेयजल परियोजना खण्ड के अतिरिक्त मुख्य अभियंता सोनाराम बेनीवाल, अधीक्षण अभियंता प्रोजेक्ट राम लाल, अधिशाषी अभियंता भवनेश कुलदीप,पवन परिहार,बिजेंद्र मीणा, नरेंद्र डूडी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला आईईसी कॉर्डिनेटर अशोकसिंह,अमृत लाल बोहरा मौजूद रहे।






