HomeStateRajasthanश्री नित्यानंद त्रयोदशी के पावन अवसर पर बालोतरा में इस्कॉन केंद्र का...

श्री नित्यानंद त्रयोदशी के पावन अवसर पर बालोतरा में इस्कॉन केंद्र का भव्य उद्घाटन, 500 से अधिक भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन में लिया भाग

बालोतरा : श्री चैतन्य महाप्रभु के अनन्य पार्षद एवं अवतार, करुणा के सागर भगवान श्री नित्यानंद प्रभु (श्री बलराम) की आविर्भाव तिथि — श्री नित्यानंद त्रयोदशी के पावन अवसर पर आज बालोतरा नगर में इस्कॉन (अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ) केंद्र का भव्य उद्घाटन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के साथ संपन्न हुआ। यह केंद्र इस्कॉन जोधपुर के मार्गदर्शन में स्थापित किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः काल नगर संकीर्तन से हुई, जिसमें इस्कॉन जोधपुर एवं बालोतरा के भक्तों ने मृदंग, करताल और मधुर कीर्तन के साथ पूरे नगर में हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे।
हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे॥ महामंत्र का सामूहिक उच्चारण किया। संकीर्तन के दौरान नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर भक्तों का स्वागत किया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया।
नगर संकीर्तन के पश्चात भक्तजन नवस्थापित इस्कॉन केंद्र में एकत्रित हुए, जहाँ इस्कॉन जोधपुर के अध्यक्ष श्री सुंदरलाल प्रभु एवं बालोतरा के उपखंड अधिकारी (SDM) श्री अशोक कुमार जी के कर-कमलों द्वारा केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के उपरांत भगवान की भव्य आरती संपन्न हुई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर भाग लिया।इसके पश्चात श्री गौर निताई जी का महाअभिषेक अत्यंत वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ। दूध, दही, घृत, मधु, शर्करा, पंचामृत एवं सुगंधित जल से भगवान का अभिषेक किया गया। इस अवसर पर भक्तों की आंखों में भक्ति के अश्रु स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री सुंदरलाल प्रभु ने श्री नित्यानंद त्रयोदशी के महत्व पर विशेष कथा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि भगवान नित्यानंद प्रभु पतित से पतित जीवों को भी बिना किसी योग्यता के केवल हरिनाम प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा, “आज के कलियुग में भगवान नित्यानंद प्रभु की कृपा से ही हरिनाम संकीर्तन पूरे विश्व में फैल रहा है। इस्कॉन केंद्रों का उद्देश्य भी यही है कि प्रत्येक व्यक्ति तक भगवान श्री कृष्ण का शुद्ध भक्ति संदेश पहुँचे।”
उन्होंने बालोतरा में इस्कॉन केंद्र की स्थापना को क्षेत्र के लिए एक आध्यात्मिक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह केंद्र युवाओं, गृहस्थों एवं बच्चों सभी के लिए संस्कार, भक्ति और आध्यात्मिक शिक्षा का केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान इस्कॉन यूथ फोरम के भक्तों द्वारा एक प्रेरणादायक नाटिका मंचन भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें श्री चैतन्य महाप्रभु एवं श्री नित्यानंद प्रभु की करुणा और हरिनाम संकीर्तन की महिमा को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। नाटिका को उपस्थित भक्तों एवं अतिथियों से अत्यंत सराहना प्राप्त हुई। इस ऐतिहासिक अवसर पर 500 से अधिक श्रद्धालु भक्तों ने सहभागिता की और सामूहिक रूप से हरिनाम संकीर्तन में भाग लिया। बालोतरा एवं आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित भक्तों एवं अतिथियों को महाप्रसाद वितरण किया गया। प्रसाद पाकर सभी भक्तों के चेहरों पर संतोष और आनंद स्पष्ट झलक रहा था।
स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य अतिथियों ने इस्कॉन केंद्र की स्थापना के लिए इस्कॉन जोधपुर की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह केंद्र बालोतरा के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।
इस प्रकार श्री नित्यानंद त्रयोदशी के पावन अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम बालोतरा नगर के इतिहास में एक अविस्मरणीय एवं दिव्य अध्याय के रूप में अंकित हो गया।
RELATED ARTICLES

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Most Popular