बिनौली। सोसाइटीज के अपर गन्ना आयुक्त डा वीबी सिंह ने गन्ना बुआई लक्ष्य और रोग प्रतिरोधी किस्मों की समीक्षा के लिए जिले के कई गांवों का दौरा किया तथा गन्ना किसानों से वार्ता की व फसल सर्वेक्षण का भी निरीक्षण किया।
अपर गन्ना आयुक्त डा वीबी सिंह ने बिनौली गांव के खेतों पर जाकर गन्ना फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को रोग एवं कीटों के प्रति संवेदनशील प्रजाति को-0238 के स्थान पर नई प्रजातियों की बुवाई करने की सलाह दी। उन्होंने गन्ने में लगने वाले रोग, टॉप बोरर व रेड रॉट से बचाव की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गन्ना किसान खुशहाल रहें, यह शासन की प्राथमिकता है, जिसके लिए गन्ना विभाग द्वारा किसानों को हर संभव सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
इस दौरान उन्होंने कमाला, हिसावदा व रमाला में भी फसल निरीक्षण किया तथा विभागीय अधिकारियों को गन्ना बुवाई का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप गन्ना आयुक्त राजीव राय, डीसीओ अमर प्रताप सिंह व मलकपुर गन्ना समिति सचिव अनिल कुमार, किनौनी शुगर मिल महाप्रबंधक गन्ना जयवीर सिंह ने भी किसानों को फसल प्रबंधन की जानकारी दी।वहीं उप प्रबंधक विनय नेहरा, गुरबचन सिंह, जॉन इंचार्ज दुष्यंत त्यागी, संजीव पूनिया, उपेंद्र प्रधान, डायरेक्टर कुलवीर धामा, श्याम सिंह प्रमुख, प्रशांत जैन, नीटू जैन, अजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







