खेकड़ा। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी कार चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
इंदौर निवासी मनोज श्रीवास्तव अपनी निजी कार से उत्तराखंड की ओर जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब 4 बजे, जब उनकी कार खेकड़ा क्षेत्र में डूंडाहेड़ा के पास पहुंची, तभी आगे चल रहे एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से उनकी कार जोरदार तरीके से उसमें जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ,कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और मनोज श्रीवास्तव वाहन में ही फंस गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को कार से बाहर निकाला।पुलिस ने मृतक की पहचान, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों के माध्यम से की और परिजनों को हादसे की सूचना दी। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। हादसे के बाद से परिवार में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि ,परिजन बागपत के लिए रवाना हो चुके हैं।
स्टेट ब्यूरो,( डॉ योगेश कौशिक ) |







