सुल्तानपुर। जनपद में किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। कुमार हर्ष के निर्देश पर और विपिन द्विवेदी के मार्गदर्शन में भटपुरा ग्राम पंचायत में फार्मर रजिस्ट्री को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षेत्रीय लेखपाल सुनील सिंह ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अभियान के तहत 25 किसानों का मौके पर ही रजिस्ट्रेशन किया गया।
*रजिस्ट्री के बिना नहीं मिलेगा योजनाओं का लाभ*
लेखपाल सुनील सिंह ने किसानों से वार्ता करते हुए स्पष्ट किया कि यदि कोई किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराता है, तो वह सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकता है। उन्होंने सभी किसानों से अपील की कि जल्द से जल्द अपनी रजिस्ट्री पूर्ण कराएं और योजनाओं का लाभ उठाएं। सुदनापुर में विशेष कैंप प्रशासन द्वारा ग्राम भटपुरा क्षेत्र के किसानों के लिए एक विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सूचना के अनुसार, जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं हो पाई है या जिनके नाम/विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, उनके लिए पंचायत भवन सुदनापुर में बुधवार को विशेष कैंप का आयोजन किया गया है।
इस कैंप में लेखपाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौके पर मौजूद रहेंगे, जहां किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा। किसानों से अपील प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे समय से कैंप में पहुंचें, अपनी रजिस्ट्री से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराएं और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।







