मथुरा। भर्ती प्रक्रिया में युवाओं का उत्साह, अनुशासन तथा राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा है। मथुरा के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी भर्ती रैली आयोजित की गई, जिसमें लगभग 1000 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता एवं स्क्रीनिंग परीक्षणों में भाग लिया। इनमें से लगभग 800 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जिन्हें अगले चरण के अंतर्गत चिकित्सा परीक्षा के लिए चयनित किया गया है।
पूरी भर्ती प्रक्रिया निर्धारित मानकों, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के सिद्धांतों के अनुरूप संचालित की जा रही है, जिससे सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर सुनिश्चित हो सके। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (एआरओ), आगरा की ओर से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में मथुरा के युवाओं ने दमखम दिखाया। 14 अप्रैल को आगरा के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेजों सहित भर्ती स्थल के प्रवेश द्वार पर दो बजे रिपोर्ट करने की सलाह दी जाती है।







