मथुरा। फरह क्षेत्र में आग ने दो अलग-अलग स्थानों पर भारी तबाही मचाई है। इन घटनाओं में एक टेलर की दुकान और एक मकान आग की चपेट में आ गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। फरह कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित कृष्णा टेलर नामक दुकान सोमवार देर रात आग की लपटों में घिर गई। गांव आवंला सुल्तानपुर निवासी लोटन सिंह की इस दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। रात में जब दुकान बंद करके मालिक घर चले गए थे, तभी अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
आसपास के लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक आग ने भीषण रूप धारण कर लिया था। देखते ही देखते दुकान में रखा करीब 200 जोड़ी सिला हुआ कपड़ा, छह सिलाई मशीनें, फर्नीचर और एक एसी जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पीड़ित दुकानदार लोटन सिंह ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।







