मथुरा। नौहझील थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग के चलते किशोरी के भाई ने प्रेमी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। 27 दिन पूर्व हुई प्रेमी की हत्या के सदमे से उबर नहीं सकी किशोरी ने सोमवार तड़के फंदे से लटककर जान दे दी। खुदकुशी से पहले सुसाइड नोट भी लिखा। इसमें लिखा कि युवक की हत्या उसने नहीं करवाई, उसके भाई को जेल जाना पड़ा। वह अब जीना नहीं चाहती है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके शव का पोस्टमार्टम कराया। देर शाम गांव में किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 4 बजे किशोरी के पिता पशुओं को चारा डालने के लिए उठे तो घर की गैलरी में लगे पंखे से दुपट्टे के सहारे बेटी को लटका देख सन्न रह गए। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पिता ने दुपट्टा काटकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपीआरए सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि किशोरी ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है।
इसमें उसने गांव के युवक की हत्या और भाई के जेल जाने के घटनाक्रम का जिक्र किया है। वह घटना से बुरी तरह टूट चुकी थी। उसने लिखा कि वह पहले ही मर जाती, लेकिन उसे बचा लिया। अब वह जिंदा नहीं रहना चाहती। पुलिस ने किशोरी के शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद देर शाम को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।







