HomeOtherमथुरा में घंटों खुले में पड़े रहे कापियों के बंडल

मथुरा में घंटों खुले में पड़े रहे कापियों के बंडल

मथुरा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जनपद में अव्यवस्थाओं के बीच शुरू हुआ। पहले ही दिन राजकीय इंटर कॉलेज केंद्र पर बड़़ी लापरवाही सामने आई। यहां उत्तर पुस्तिकाओं को ट्रक से उतारने के बाद कॉलेज परिसर के बाहर ही छोड़ दिया गया, जिससे उनकी गोपनीयता व सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। काॅलेज में ट्रक से उतारे गए उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल बाहर ही फेंक दिए गए जो कई घंटों तक खुले में पड़े रहे। इस दौरान उन्हें सुरक्षित रखवाने के लिए कोई जिम्मेदार मौके पर मौजूद नहीं था। इधर, मूल्यांकन कार्य के पहले दिन सभी विषयों की कॉपियां केंद्र तक नहीं पहुंच सकीं।

इसके चलते ड्यूटी पर पहुंचे कई शिक्षक बिना कार्य किए ही वापस लौट गए। जनपद में राजकीय इंटर कॉलेज और केआर इंटर कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। दोनों केंद्रों पर इसी प्रकार की अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। जिला विद्यालय निरीक्षक रविन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा की वजह से सभी उत्तर पुस्तिकाएं समय पर केंद्र तक नहीं पहुंच पाईं हैं। उन्होंने बताया कि बाहर पड़ी कॉपियों को सुरक्षित रखवाने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद ने मूल्यांकन कार्य के बहिष्कार का निर्णय लिया है। परिषद के जिलाध्यक्ष अजय कृष्ण सारस्वत ने कहा कि प्रधानाचार्यों को मूल्यांकन में अन्वेक्षक की ड्यूटी देना उनकी गरिमा के विपरीत है, इसलिए इसका विरोध किया जा रहा है। डीआईओएस ने बताया कि पत्र के माध्यम से सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद को मामले से अवगत कराया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Video Ads

- Advertisment -spot_img

Most Popular