गोवर्धन। गोवर्धन मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने गोवर्धन पहुंचकर परिक्रमा मार्ग और श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए सुविधा स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने दानघाटी मंदिर बड़ी परिक्रमा मार्ग तिराहा से गोल्फ कार्ट में बैठकर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने परिक्रमा मार्ग में प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता समेत अन्य सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने परिक्रमा मार्ग को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने कहा कि गोवर्धन आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने अधिकारियों को चिह्नित समस्याओं का बिंदुवार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तलहटी के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने और पूर्व में तैयार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के अधीनस्थ अधिकारी मौजूद रहे।







